मोदी का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे विपक्षी नेता- जेपी नड्डा

जबलपुर में जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित किया

जबलपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के जबलपुर पहुंचने पर जगह-जगह उनका भव्य स्वागत हुआ। जगत प्रकाश नड्डा ने जबलपुर संभागीय कार्यालय में जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यकर्ता भाजपा और कांग्रेस के बीच के फर्क जनता को समझाएं। देश के लिए कांग्रेस अमावस्या है और भारतीय जनता पार्टी पूर्णमासी है। 2014 भारतीय राजनीति का टर्निंग पाइंट है, जनता को बताएं।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रिस्पांसिबल, रिस्पांसिव और रिपोर्ट कॉर्ड वाली सरकारों का दौर शुरू किया। डेड कांग्रेस के डेड लीडर ही हमारी अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनामी बता रहे हैं, जबकि हम दुनिया की तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। विरोधी भी मानते हैं कि राष्ट्रीयता और संगठन के मामले में भाजपा से कोई मुकाबला नहीं कर सकता है।

भारतीय जनता पार्टी देश का इकलौता वैचारिक दल है। हमने सत्ता के लिए कभी समझौते नहीं किए, अपने रास्ते नहीं बदले। बैठक को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने भी संबोधित किया।

कार्यक्रम के दौरान संबोधित करते केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा। मंच पर मौजूद सीएम डॉ. मोहन यादव व अन्‍य मंत्री।

मोदी ने बदल दी राजनीति की संस्कृति

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि लोगों की स्मृति छोटी होती है इसलिए अपनी बात बार-बार कहने की जरूरत है। 2014 के पहले सरकारें आती थीं और जाती थीं। चुनावी घोषणा पत्र का कोई महत्व नहीं होता था। लेकिन 2014 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिम्मेदार और रिपोर्ट कॉर्ड वाली सरकारों का दौर शुरू किया।

उन्होंने राजनीति की संस्कृति बदल दी। पहले सरकारें किसी एक समुदाय की, जाति की, वर्ग की या इलाके की हुआ करती थी। लेकिन 2014 के बाद सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का दौर शुरू हुआ। अब जो सरकार है, वो किसी एक वर्ग या जाति की नहीं, बल्कि सभी की सरकार है। श्री नड्डा ने कहा कि हमारे विरोधी भी यह मानते हैं कि राष्ट्रीयता और संगठन के मामले में भाजपा का कोई मुकाबला नहीं। इसलिए सरकार के कार्यों को जनता तक पहुंचाना हमारी जिम्मेदारी है। संगठन के कार्यों से सरकारों को यश मिलता है।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि।

देश का इकलौता वैचारिक दल भाजपा, हम उसके कार्यकर्ता

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि देश में वैचारिक राजनीति पर आधारित दल समाप्त हो गए हैं, सिर्फ भाजपा ही ऐसा राजनीतिक दल है, जो वैचारिक है। हमारे लिए गर्व का विषय है कि हम ऐसी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। हम जो बात 1951-52 में कहते थे, वही बात आज भी कह रहे हैं। हमने सत्ता के लिए समझौते नहीं किए, रास्ता नहीं बदला।

डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने कश्मीर से धारा 370 की समाप्ति के लिए 1953 में अपना बलिदान दिया। उसके बाद हमने इसी को लेकर अनेकों यात्राएं निकाली, कई बार आंदोलन किए, कई राष्ट्रीय अध्यक्ष बदल गए। अंततः 5 अगस्त, 2019 को मोदी की सरकार ने धारा 370 हटा दी।

1989 में हमने पालनपुर में राम मंदिर के निर्माण का रास्ता प्रशस्त करने का प्रस्ताव पारित किया। इसके बाद कई आंदोलन हुए, लंबी लड़ाई चली। हमारे विरोधी हम पर कटाक्ष करने लगे थे। आखिरकार 2024 में भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो गया। हमने जब ट्रिपल तलाक हटाने की बात कही, तो विरोधियों ने हमें प्रतिक्रियावादी और सांप्रदायिक कहा। लेकिन आप लोगों की ताकत और प्रधानमंत्री श्री मोदी जी की इच्छाशक्ति से इस बुराई को हटा दिया गया।

आश्चर्य की बात है कि पाकिस्तान, बांग्लादेश, सीरिया, ईरान जैसे मुस्लिम देशों में भी जिसका प्रावधान नहीं था, उसे भारत में तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों ने जिंदा रखा। हमने वक्फ बोर्ड एक्ट भी पारित किया। जब-जब हमें अवसर मिला, हमने वो करके दिखाया, जो हम कहते हैं।

अमावस्या की याद बार-बार दिलाएं, ताकि पूर्णमासी को समझ सके जनता

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि हमें जनता को कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी का फर्क बार-बार बताना होगा। आपातकाल के दौरान प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने यह कानून पारित कराया था कि प्रधानमंत्री और लोकसभा स्पीकर पर कोई कानून लागू नहीं होगा। लेकिन हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह प्रस्ताव रखा है कि प्रधानमंत्री समेत कोई भी मंत्री या मुख्यमंत्री अगर 30 दिन तक जेल में रहता है, तो 31 वें दिन उसे अपना पद छोड़ना होगा।

कांग्रेस के शासनकाल में आतंकवाद चरम पर था, लेकिन अब मोदी के कार्यकाल में आतंकवाद समाप्ति की ओर है। भाजपा देश को मजबूत बनाने के लिए काम कर रही है, तो कांग्रेस हमेशा उन लोगों के साथ खड़ी होती है, जो देश को कमजोर करना चाहते हैं, अशांति फैलाना चाहते हैं। श्री नड्डा ने कहा कि मैंने संसद में भाजपा और कांग्रेस का फर्क बताते हुए कहा था कि कांग्रेस अमावस्या है और भाजपा पूर्णमासी। लेकिन लोग पूर्णमासी को महसूस कर सकें, इसके लिए हमें उन्हें बार-बार अमावस्या की याद दिलानी होगी।

भाजपा सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित दल

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित दल है। हमारे 14 करोड़ कार्यकर्ता हैं और 2 करोड़ सक्रिय सदस्य हैं। हम 8.25 लाख बूथों पर काम करते हैं। हमारे 240 लोकसभा और 102 राज्यसभा सदस्य हैं। गुजरात में छठी बार और मध्यप्रदेश में चौथी बार हमारी सरकारें बनी हैं। गोवा और हरियाणा में तीसरी बार हमारी सरकार बनी है। उत्तरप्रदेश में 35 साल बाद हमारी सरकार रिपीट हुई है। उत्तराखंड, मणिपुर, असम और त्रिपुरा में भी हमारी सरकारें रिपीट हुई हैं। लंबे समय बाद दिल्ली में हमारी सरकार बनी है।

तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा देश, राहुल बात कर रहे डेड इकॉनॉमी की

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि आप सभी ने राहुल गांधी को वक्तव्य सुना होगा, जिसमें उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनॉमी बताया था। नेता विपक्ष का पद कितना जिम्मेदारी वाला होता है, लेकिन राहुल गांधी का ये वक्तव्य नितांत गैर जिम्मेदाराना था। राहुल गांधी किस की भाषा बोल रहे हैं? उन्होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश है और तीसरी अर्थव्यवस्था बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है।

वर्ल्ड बैंक ने ये भी ये माना है कि वैश्विक स्लोडाउन के बावजूद भारत की अर्थव्यवस्था स्ट्रांग है। हम थर्ड मोस्ट पॉवरफुल नेशन हैं। देश में खुदरा महंगाई दर ऑल टाइम लो पर है। आज देश के 98 प्रतिशत मोबाइल मेड इन इंडिया होते हैं। खिलौनों और ऑटोमोबाइल के निर्यात में हम तीसरे नंबर पर हैं। हमारा रक्षा उत्पादन और निर्यात लगातार बढ़ रहा है। सारी दुनिया हमारी ब्रह्मोस की तारीफ करती है। क्या ये बढ़ता भारत नहीं है?

मोदी जी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में क्रांतिकारी विकास हुआ

मध्यप्रदेश में 80 स्टेशन अमृत भारत स्टेशन बन रहे हैं। 10 साल पहले जबलपुर का एयरपोर्ट छपरे की तरह था और सिर्फ 1 विमान आता था। आज यहां 450 करोड़ का नया टर्मिनल बन गया है। ग्वालियर एयरपोर्ट बन गया है। रीवा में एशिया का सबसे बड़ा 750 मेगावाट का सोलर प्लांट लगा है। इंदौर में मेट्रो रेल शुरू हो गई है और उज्जैन का महाकाल महालोक प्रोजेक्ट 856 करोड़ का है। मध्यप्रदेश में 2014 के पहले प्रति व्यक्ति आय 12000 थी, जो आज 1.52 लाख रुपये है।

लाडली बहना योजना में हर माह 1250 रुपये की राशि दी जा रही है। हजारों आदिवासी छात्रों को स्कॉलरशिप दी जा रही है। सिकल सेल एनीमिया को लेकर लगातार काम चल रहा है। प्रदेश के 80 लाख किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि मिलती है। क्या ये परिवर्तन नहीं है? श्री नड्डा जी ने कहा कि आज जैसा विपक्ष है, उतना गैर जिम्मेदाराना विपक्ष पहले कभी नहीं रहा। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का विरोध करते-करते विपक्ष देश का विरोध करने लगा है।

हमें इनका ये व्यवहार जनता को बताना होगा। उन्होंने मध्यप्रदेश संगठन की प्रशंसा करते हुए कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल को बधाई एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा को भी शुभकामनाएं। श्री शर्मा के नेतृत्व में 2023 के विधानसभा एवं 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने ऐतिहासिक विजय हासिल हुई।

नड्डा जी के नेतृत्व में भाजपा की वैचारिक प्रतिबद्धता और मजबूत हुई है- डॉ. मोहन यादव

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि श्री नड्डा ने नेशनल मेडिकल काउंसिल ऑफ इंडिया की स्थापना कर स्वास्थ्य के क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भाजपा सरकार आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार तेजी से कर रही है। स्वास्थ्य सुविधाओं की सौगात भाजपा की जनजातियों के सर्वांगीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दिखाता है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने मध्यप्रदेश में स्वास्थ्य सुविधाओं की बारिश की है।

कार्यकर्ता हर बूथ पर कमल खिलाने का लक्ष्य लेकर कार्य करें- हेमंत खण्डेलवाल

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के मार्गदर्शन में यह प्रदेश नई ऊंचाइयों पर जा रहा है। यह डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों पर चलने वाला प्रदेश है, यह स्व. अटलजी और स्व. ठाकरे जी की कर्मभूमि वाला प्रदेश है। मध्यप्रदेश का संगठन लगातार ऊंचाइयों पर रहा है और पहले से ही मजबूत है। लेकिन हमारा प्रयास होगा कि यहां हर दिल में भाजपा रहे, कोई बूथ, विधानसभा हम से न छूटे, कोई समाज हमारी पहुंच से दूर न रहे।

प्रदेश के चार मेडिकल कॉलेज के लिए एमओयू साइन

जबलपुर में केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री जेपी नड्डा ने धार, बैतूल, पन्‍ना, कटनी में मेडिकल कॉलेज की शुरूआत के लिए एमओयू साइन किए। वहीं श्‍योपुर और सिंगरौली मेडिकल कॉलेजों का ई- लोकार्पण किया है। श्‍योपुर में 305 करोड़ और सिंगरौली में 242 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज बने हैं। दोनों मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 100-100 सीटें हैं।

Back to top button