
जबलपुर। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर जबलपुर में विभिन्न धार्मिक स्थलों पर भव्य कार्यक्रमों की श्रृंखला शुरू होने जा रही है। श्री नरसिंह मंदिर (शास्त्री ब्रिज), गीता धाम (गौरीघाट), श्री गौलोकधाम और भक्तिधाम (गौरीघाट) में विशेष पूजन, कथा, हवन और आरती कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
श्री नरसिंह मंदिर, शास्त्री ब्रिज के समीप स्थित इस मंदिर में गुरु पूर्णिमा महोत्सव श्रीमद् जगद्गुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉक्टर स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज के सानिध्य में संपन्न होगा। प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक नरसिंह भगवान का पूजन, गुरु मूर्ति अभिषेक, श्रृंगार एवं आरती होगी। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी रामचंद्र दास शास्त्री जी और श्रीमद् जगद्गुरु श्री श्याम देवाचार्य जी महाराज का पूजन अर्चन होगा।

वहीं गीता धाम, गौरीघाट में प्रातः 8 बजे से 10 बजे तक योगेश्वर भगवान और श्री पारदेश्वर महादेव का पूजन-अर्चन होगा। इसके उपरांत दोपहर 1 बजे से पूज्य गुरुदेव डॉक्टर स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज का दिव्य सानिध्य रहेगा। गीता धाम भक्त परिवार और श्री सनातन धर्म महासभा, जबलपुर ने सभी श्रद्धालुओं से अनुरोध किया है कि वे समय पर उपस्थित होकर इस दिव्य आयोजन में भाग लें।

श्री गौलोकधाम में 10 जुलाई गुरुवार को प्रातः 9 बजे से गुरु चरण पादुका पूजन, हवन और भगवान सत्यनारायण कथा का आयोजन होगा। पूजन कार्यक्रम के पश्चात महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा। श्री गौलोकधाम के अधिष्ठाता अनन्त श्री विभूषित जगद्गुरु पूज्य कृष्ण किंकर जी महाराज एवं पूज्या साध्वी सुषमा दीदी जी के सूक्ष्म सानिध्य में यह आयोजन भक्तों के लिए एक विशेष आध्यात्मिक अवसर होगा। यहां पादुका पूजन सायं पर्यन्त भक्तों की उपस्थिति तक चलता रहेगा।
श्री गौलोकधाम के नरसिंह रंगा जी, आर.एम. केटले, जगदीश पटेल, रंधावा सिंह, विष्णु पटेल, एड. रोहित दुबे, राजेश रंगा, मनीष रंगा, अनिल दुबे, वीरेंद्र पांडे, संजय पटेल, एम.पी. चौबे, मालती वर्मा, श्रीलेखा नायर, एड. सूरज पटेल, आशीष कुशवाहा, अजय गोलाईत, सुदर्शन सिंह ठाकुर, प्रशांत पटेल, दिनेश पटेल, मनीष पटेल आदि ने सभी गुरु भाई बहिनों एवं स्नेही भक्तजनों से श्री गुरु चरण पादुका पूजन कार्यक्रम में सम्मिलित होने आग्रह किया गया है।
भक्तिधाम, गौरीघाट में भी गुरु पूर्णिमा महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। स्वामी विश्वक सेनाचार्य जी महाराज के पूजन और भागवताचार्य स्वामी अशोकानंद जी महाराज के सानिध्य में प्रातः 9 बजे व्यास पूजन होगा। सायं 7 बजे तक भगवती पराम्बा मां भुवनेश्वरी देवी की विशेष आरती की जाएगी।
भक्तिधाम में आषाढ़ी पूर्णिमा से श्रावणी पूर्णिमा तक 30 दिवसीय श्रावणी महोत्सव के अंतर्गत अखंड रामचरितमानस पाठ की स्थापना की गई है। साथ ही प्रतिदिन प्रातः 7 बजे से श्री विश्वेश्वर महादेव का महारुद्राभिषेक, पूजन अर्चन और रुद्री पाठ भी किया जा रहा है। आयोजन समिति के वेदान्त शर्मा, आशीष लालू, पुष्पराज तिवारी और पं. रामजी शर्मा ने सभी भक्तों से इस महोत्सव में सम्मिलित होकर धर्म लाभ अर्जित करने की अपील की है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर श्रीमद् जगद्गुरु सुखानंद द्वाराचार्य स्वामी राघव देवाचार्य जी के सान्निध्य में “श्री गुरु पूर्णिमा एवं दीक्षा महोत्सव” का आयोजन 10 जुलाई 2025 को होगा। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से 595, भगवती सदन, स्नेह नगर, मेन रोड, जबलपुर में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन श्री राघव शिष्य मंडल और श्री राघव सेवा संस्था द्वारा किया जा रहा है।
श्री बगलामुखी सिद्ध पीठ शंकराचार्य मठ सिविक सेंटर मढ़ाताल में गुरुवार को श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ के समापन दिवस पर एवं गुरु पूर्णिमा महापर्व के पावन अवसर पर प्रातः स्मरणीय अनन्त श्री विभूषित उत्तराम्नाय ज्योतिष्पीठाधीश्वर पश्चिमाम्नाय द्वारकाशारदापीठाधीश्वर धर्म सम्राट जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामीश्री स्वरूपानन्द सरस्वती जी महाराज श्री का पादुका पूजन प्रातः 11 बजे ब्रह्मचारी श्री चैतन्यानंद जी महाराज श्री के सानिध्य में किया जाएगा। उसके उपरान्त व्यास पूजन, तुलसी पत्र से सहस्त्रार्चन, गीता पाठ एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
इन सभी आयोजनों के माध्यम से जबलपुर की धार्मिक और आध्यात्मिक ऊर्जा एक बार फिर सजीव होती दिखेगी और गुरु-शिष्य परंपरा का सम्मान भी भावपूर्ण ढंग से किया जाएगा।