जबलपुर में महिला प्रोफेसर की संदिग्ध हालात में मौत, घर में खून से सना मिला शव

जबलपुर। गढ़ा थाना क्षेत्र के अंबर विहार कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर एक महिला प्रोफेसर अपने घर में मृत पाई गईं। शव कमरे के फर्श पर खून से सना पड़ा था और समीप ही एक चाकू भी बरामद हुआ। मृत प्रोफेसर के गले और हाथ पर गहरे कट के निशान मिले हैं। पुलिस ने मौके पर जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवा दिया है।

घर में अकेली रहती थीं प्रोफेसर

मृतका की पहचान 57 वर्षीय प्रोफेसर प्रज्ञा अग्रवाल के रूप में हुई है। वे होम साइंस कॉलेज में वनस्पति विज्ञान पढ़ाती थीं और हाल ही में उनका तबादला दमोह हुआ था। जानकारी के मुताबिक वे अकेली ही घर में रहा करती थीं और आस-पड़ोस के कुछ परिचित कभी-कभी मिलने आते थे। फिलहाल पुलिस उनके भाई को सूचना दे चुकी है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

मेड ने देखी लाश, पुलिस को दी जानकारी

प्रज्ञा के घर पर काम करने वाली महिला रोजाना की तरह शुक्रवार दोपहर काम करने पहुंची थी। उसके पास घर की चाबी थी, जिसे खुद प्रज्ञा ने दिया था। जैसे ही उसने दरवाजा खोला और अंदर गई, तो देखा कि दूसरे कमरे में खून फैला हुआ है और प्रज्ञा खून से सनी हालत में पड़ी थीं। मेड ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

जांच में जुटी पुलिस

मौके से एक चाकू भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार गले और हाथों पर कई कट के निशान साफ नजर आए हैं। एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। पुलिस इस पहलू पर जांच कर रही है कि यह आत्महत्या है या किसी ने उनकी हत्या की है।

आसपास के लोगों से पूछताछ

पुलिस ने बताया कि प्रज्ञा अग्रवाल के परिवार में उनका भाई भोपाल में रहता है जिसे सूचना दे दी गई है। वहीं आसपास रहने वालों से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की जा रही है कि हाल के दिनों में उनके घर पर किनका आना-जाना था और किनसे उनकी नियमित बातचीत होती थी। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और पीएम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

Back to top button