
जबलपुर। पीएसवाय राष्ट्रीय शैक्षणिक एवं अनुसंधान परिषद द्वारा राष्ट्रीय उत्कृष्टता समारोह का भव्य आयोजन पंडित लज्जाशंकर उच्चतर माध्यमिक मॉडल स्कूल, जबलपुर में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक अशोक रोहाणी, परिषद संचालक डॉ. एस.के. मिश्रा और विशिष्ट अतिथि चंद्रशेखर पटेल उपस्थित रहे।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक अशोक रोहाणी ने कहा कि आज के बच्चे ही कल के भारत के निर्माता हैं। शिक्षा का उद्देश्य केवल अंकों की प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह चरित्र निर्माण और समाजसेवा का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि जबलपुर सदैव से विद्या और संस्कृति की भूमि रही है और यहाँ के विद्यार्थी अपनी उपलब्धियों से निरंतर क्षेत्र और राष्ट्र का नाम रोशन कर रहे हैं।
विशिष्ट अतिथि चंद्रशेखर पटेल ने कहा कि युवा पीढ़ी को अकादमिक उत्कृष्टता के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उनके अनुसार यह सम्मान केवल एक प्रमाणपत्र नहीं है, बल्कि यह देश के प्रति जिम्मेदारी और समाज के प्रति योगदान का प्रतीक है।
समारोह में 58 स्कूलों से चयनित 98 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इन विद्यार्थियों को पदक, प्रशस्ति पत्र और 3000 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई। सम्मानित संस्थानों में जवाहर नवोदय विद्यालय नरसिंहपुर, सेंट थॉमस स्कूल जबलपुर, दिल्ली पब्लिक स्कूल जबलपुर, केंद्रीय विद्यालय सिवनी सहित कई शैक्षणिक संस्थान शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों के उत्साह और परिजनों की प्रसन्नता देखते ही बनती थी। इस अवसर पर परिषद के पदाधिकारियों ने भी कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि शिक्षा की गुणवत्ता और समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा भी मजबूत होती है।
—