सीएम मोहन यादव ने कहा- मोदी के नेतृत्व में भारतीय संस्कृति को देखना चाहती है दुनिया

जबलपुर। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया आज भारतीय संस्कृति को देखना, समझना और अंगीकृत करना चाहती है। यह बात मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को मझौली के समीप स्थित ग्राम रिवंझा में कही। मुख्यमंत्री यहां श्रीलक्ष्मी नारायण यज्ञ एवं श्रीमद भागवत कथा में शामिल हुए। श्रीमद भागवत कथा का आयोजन गौरी गोपाल आश्रम, वृंदावन के संस्थापक एवं प्रख्यात कथावाचक डॉ अनिरुद्धाचार्य द्वारा किया गया है। ज्ञात हो रिवंझा अनिरुद्धाचार्य का पैतृक ग्राम है और उनका बचपन यही व्यतीत हुआ था।
मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर पहुंचकर अनिरुद्धाचार्य से भेंट की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को भी नमन किया तथा प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने मुख्यमंत्री डॉ यादव का वंशी, श्रीमद्भागवत गीता एवं पट्टा भेंट कर स्वागत किया। अनिरुद्धाचार्य ने मुख्यमंत्री डॉ यादव की कार्यशैली, लोकहित में उनके किये जा रहे कार्यों की सराहना की।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भगवान श्री कृष्ण की यह कथा भक्तों के रोम रोम को आनंद प्रदान करने वाली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया आज भारतीय संस्कृति को देखना, समझना और अंगीकृत करना चाहती है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण कंस का वध करने के बाद शिक्षा प्राप्त करने उज्जैन आए थे। मुख्यमंत्री ने बताया कि धार के समीप स्थित अमझरा में भगवान श्री कृष्ण ने युद्ध किया और जानापाव में उन्हें भगवान परशुराम ने सुदर्शन चक्र दिया था। उन्होंने कहा कि कृष्ण और सुदामा की मित्रता आज भी प्रासंगिक है।
सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी बता दिया
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने भक्ति के माहौल में सरकार का रिपोर्ट कार्ड भी दिखा दिया। उन्होंने कहा कि उज्जैन ओंकारेश्वर, महेश्वर, मैहर एवं ओरछा सहित उन्नीस धार्मिक नगरों में शराब की दुकानों को बंद कराया गया है। इसके साथ ही खुले में मांस विक्रय को भी प्रतिबंधित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जिसके घर गाय होती है उसे गोपाल कहते हैं और जिसके घर में गाय का कुल होता है उसे गोकुल कहते हैं। इसलिए प्रदेश में गौपालन को प्रोत्साहित किया जा रहा है। 25 से अधिक गाय पालने वालों को अनुदान दिया जा रहा है। डॉ. यादव ने बताया कि दुग्ध उत्पादन में मध्यप्रदेश अभी तीसरे स्थान पर है और संपूर्ण देश का 9 प्रतिशत दूध मध्यप्रदेश में उत्पादित होता है। राज्य सरकार ने इसे 20 प्रतिशत तक बढ़ाने का संकल्प लिया है।
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में मां नर्मदा के संपूर्ण परिक्रमा पथ को सर्वसुविधा युक्त बनाने का प्रबंध भी किया जा रहा है और जगह-जगह आश्रय स्थल बनाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति के तहत बच्चों को संस्कारों की शिक्षा देने देवी-देवताओं के प्रसंगों को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाएगा।


यदुवंशियों का गोमाता से है संबंध
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि भगवान श्री कृष्ण भी यदुवंशी थे और मुख्यमंत्री डॉ यादव भी यदुवंशी हैं। दोनों का गौ माता से हजारों वर्षों पहले का संबंध है। अनिरूद्धाचार्य ने मुख्यमंत्री के समक्ष बच्चों को शिक्षा और संस्कार प्रदान करने ग्राम रिवंझा में विद्यालय बनाने की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ यादव से वृंदावन स्थित गौरी गोपाल आश्रम आने तथा इस संस्था द्वारा किये जा रहे सेवा कार्यों का अवलोकन करने का आग्रह भी किया।
श्रीमदभागवत कथा के इस कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, सांसद आशीष दुबे, विधायक पाटन अजय विश्नोई, विधायक बरगी नीरज सिंह, विधायक सिहोरा संतोष वरकडे, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोटिया, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, भाजपा के जिला ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल, पूर्व विधायक नीलेश अवस्थी स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने ट्विटर हैंडल X पर कथा में शामिल होने पर खुशी जताई।

– मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज ने सोमवार को मझौली में भगवान विष्णु वराह के दर्शन किये। उन्होंने यहां विष्णु वराह मंदिर में पूजा अर्चना की तथा प्रदेश वासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।

Related Articles

Back to top button