
जबलपुर। मदन महल-दमोह नाका फ्लाईओवर पर राजनैतिक जंग शुरू हो गई है। करीब 1100 करोड़ का बना फ्लाईओवर प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर है। कांग्रेस शनिवार को शाम 4 बजे इसका लोकार्पण जनता से करवा रही है। इसके लिए बकायदा आमंत्रण पत्र भी जारी कर दिया है। इससे बीजेपी और कांग्रेस आमने सामने आ गई है। वहीं पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस और बीजेपी नेताओं की एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाते हुए जुबानी जंग भी चल रही है।
जनता को आमंत्रण
शहर कांग्रेस कमेटी ने आमंत्रण पत्र जारी किया है। जिसमें उन्होंने बीजेपी पर आरोप लगाते हुए लिखा है कि फ्लाईओवर पिछले चार माह से तैयार है। लेकिन बीजेपी में आपसी खींचतान और श्रेय लेने की राजनीति के कारण जनता को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह जनता का फ्लाईओवर है इसलिए जनता इसका लोकार्पण करेगी। आमंत्रण पत्र में बकायदा लोकार्पण की तारीख 14 जून शनिवार शाम 4 बजे की लिखी हुई है।
इंटरनेट मीडिया का सहारा
कांग्रेस पदाधिकारियों ने फ्लाईओवर का जनता के द्वारा लोकार्पण पर कांग्रेस ने इंटरनेट मीडिया, फेसबुक, व्हाट्सअप का भी सहारा लेकर इस आयोजन का प्रचार प्रसार किया।

यहां आ गया ट्विस्ट
दमोहनाका फ्लाईओवर के नीचे का रास्ता शुक्रवार से 30 जून तक के लिए बंद कर दिया है। यहां सड़क निर्माण का कार्य चल रहा है। लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों और ट्रैफिक पुलिस ने निरीक्षण करने के बाद मार्ग को डायवर्ट करने का प्लान बनाया है। इस मामले में अचानक गुरुवार को यह निर्णय लिया गया। ईई शिवेंद्र सिंह का कहना है कि ट्रैफिक के ज्यादा दबाव के कारण मशीनों का मूवमेंट और निर्माण कार्य संभव नहीं हो रहा था इसलिए मार्ग को ब्लॉक किया गया है।
लोक निर्माण विभाग ने इस कार्य से यह साबित करने की कोशिश की कि अभी कार्य पूर्ण नहीं हुआ है कार्य चल रहा है।वहीं शनिवार को कांग्रेस ने अपने कार्यक्रम की घोषणा कर दी है।
कार्य पूर्ण होने पर होगा लोकार्पण
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का कहना है कि लोकार्पण की एक प्रक्रिया होती है। अभी फ्लाईओवर का कार्य पूर्ण नहीं हुआ है। कार्य पूर्ण होने पर केंद्रीय वा प्रदेश नेतृत्व के साथ समय आने पर लोकार्पण किया जाएगा।
जनता ही करेगी लोकार्पण
शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने कहा कि फ्लाईओवर का लोकार्पण शनिवार को शाम 4 बजे जनता करेगी।