सेवा ज्योति कलश यात्रा से दिया सेवा और विकसित भारत का संदेश

जबलपुर की आठों विधानसभा में एक साथ निकली यात्राएं, कार्यकर्ताओं ने लिया जनसेवा का संकल्प

जबलपुर। भाजपा के सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जबलपुर महानगर की सभी आठ विधानसभा क्षेत्रों में सेवा ज्योति कलश यात्राएं निकाली गईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित इन यात्राओं के जरिए जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के लक्ष्य से लोगों को जोड़ने का संदेश दिया गया।

वंदे मातरम चौक से केंद्रीय आयोजन

यात्रा का केंद्रीय आयोजन सिविक सेंटर स्थित वंदे मातरम चौक पर हुआ। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने सेवा का संकल्प दिलाया। इसके बाद कार्यकर्ता कलश यात्राओं के साथ अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों की ओर रवाना हुए।

राकेश सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में देश और समाज के लिए काम करने की भावना निरंतर दिखाई दी है। सेवा ज्योति कलश यात्रा इसी विचार को समाज के बीच ले जाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को जरूरतमंद, वंचित और असमर्थ वर्ग की सहायता के लिए आगे आना चाहिए। सेवा की भावना को व्यापक बनाकर ही समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।

2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य

उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित और आत्मनिर्भर राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की भागीदारी से पूरा होगा। यात्राओं के माध्यम से लोगों में राष्ट्र निर्माण के प्रति जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

वंदे मातरम के साथ शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक वंदे मातरम गान से हुई। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा। आयोजन में सांसद आशीष दुबे, भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, प्रदेश कोषाध्यक्ष अखिलेश जैन, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटेल सहित विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, सुशील तिवारी इंदु, अभिलाष पांडे, नीरज सिंह और संतोष बरकड़े मौजूद रहे।

विधानसभा वार यहां से रवाना हुई यात्रा

पश्चिम विधानसभा: गुलौआ चौक से राकेश सिंह के नेतृत्व में यात्रा निकली। सांसद आशीष दुबे और जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन भी इसमें शामिल हुए।

केंट विधानसभा: पेंटिनाका चौक से विधायक अशोक रोहाणी के नेतृत्व में यात्रा रवाना हुई।

पूर्व विधानसभा: गोपाल होटल-सिद्ध बाबा क्षेत्र से भाजपा नगर अध्यक्ष रत्नेश सोनकर के नेतृत्व में यात्रा शुरू हुई।

उत्तर विधानसभा: करमचंद चौक से विधायक अभिलाष पांडे के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने यात्रा निकाली।

पाटन: विधायक अजय विश्नोई के नेतृत्व में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई।

पनागर: विधायक सुशील तिवारी इंदु के नेतृत्व में यात्रा निकली।

सिहोरा: विधायक संतोष बरकड़े के नेतृत्व में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई।

बरगी: विधायक नीरज सिंह के नेतृत्व में सेवा ज्योति कलश यात्रा निकाली गई।

जनसेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश

सभी क्षेत्रों में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।