
पन्ना। श्री प्राणनाथ प्राकट्य उत्सव की पूर्व संध्या पर गुरुवार को पन्ना नगरी भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर नजर आई। श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में मंदिर के मुख्य कमानी दरवाजे से भव्य दिव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में धामी समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, महिलाएं, युवा-युवतियां, संत, विद्वान और नगरवासी शामिल हुए।

घोड़े, ध्वज और बैंड-बाजों ने बढ़ाई शोभा
शोभायात्रा का शुभारंभ शाम करीब 6 बजे मंदिर के मुख्य द्वार कमानी दरवाजे से हुआ। इससे पूर्व श्रीजी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित करने के बाद श्रीजी को रथ पर विराजमान कर शोभायात्रा प्रारंभ की गई।
शोभायात्रा में घोड़ों पर सवार ध्वजधारी श्रद्धालु, बैंड-बाजे, डीजे एवं साउंड सिस्टम के साथ संत और विद्वान शामिल रहे। विद्वानों द्वारा महामति श्री प्राणनाथ जी के दिव्य संदेशों और आध्यात्मिक विचारों से श्रद्धालुओं को परिचित कराया गया। श्रीजी के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शोभायात्रा पुरानी कलेक्टोरेट, प्राणनाथ चौक, अजयगढ़ चौराहा, बड़ा बाजार चौराहा, बलदेव जी मंदिर, छत्रसाल पार्क, कोतवाली, कुमकुम टॉकीज और गांधी चौक होते हुए पुनः कमानी दरवाजे पहुंची।

भक्ति में झूमे युवा, युवतियां और महिलाएं
शोभायात्रा में शामिल युवा, युवतियों और महिलाओं ने भक्ति भाव के साथ गरबा नृत्य किया। डीजे और भक्ति संगीत की धुनों पर श्रद्धालु उत्साहपूर्वक झूमते नजर आए। मार्ग में जगह-जगह नगरवासियों ने श्रीजी की आरती उतारकर शोभायात्रा का स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जलपान की व्यवस्था की गई तथा कई स्थानों पर मिठाई वितरित की गई।

धामी समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता
शोभायात्रा में श्री 108 प्राणनाथ जी मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी एवं ट्रस्टी, मंदिर के पुजारी, विद्वान, धामी समाज के स्थानीय एवं बाहर से आए श्रद्धालु तथा बड़ी संख्या में नगरवासी शामिल रहे। शोभायात्रा के दौरान पूरे मार्ग में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
आज धूमधाम से मनाया जाएगा प्राकट्य उत्सव
महामति श्री प्राणनाथ जी का प्राकट्य उत्सव शुक्रवार को दोपहर में बंगला साहिब दरबार में बड़े ही धूमधाम एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। प्राकट्य उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। इस अवसर पर धार्मिक आयोजन एवं विविध कार्यक्रमों के माध्यम से महामति श्री प्राणनाथ जी के दिव्य संदेशों का स्मरण किया जाएगा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के बंगला साहिब दरबार पहुंचने की संभावना है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा