जंतर-मंतर प्रदर्शन स्थलों की सूची से बाहर, दिल्ली में तीन नए मैदान तय

गृह मंत्रालय की समिति की सिफारिशों के आधार पर दिल्ली पुलिस का फैसला

नई दिल्ली। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थलों की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थलों की सूची से हटा दिया है। इसकी जगह रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली के सीबीडी ग्राउंड को प्रदर्शन के लिए निर्धारित स्थल बनाया गया है। यह फैसला केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से गठित समिति की सिफारिशों के आधार पर लिया गया है।

दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार की ओर से 11 अक्टूबर को जारी आदेश के तहत पुराने स्टैंडिंग ऑर्डर में आंशिक संशोधन किया गया है। नए निर्धारित स्थलों पर प्रदर्शन आयोजित करने के लिए विस्तृत और संशोधित मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) अलग से जारी की जाएगी।

लंबे समय से आंदोलनों का प्रमुख केंद्र रहा जंतर-मंतर

जंतर-मंतर लंबे समय से दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और जन आंदोलनों का प्रमुख केंद्र रहा है। विभिन्न राजनीतिक दलों, सामाजिक संगठनों और दूसरे समूहों ने यहां अपनी मांगों को लेकर धरना देकर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। ऐसे में प्रदर्शन स्थलों की व्यवस्था में बदलाव से आंदोलन की तैयारी कर रहे संगठनों को अब दूसरे निर्धारित स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनानी होगी।

वैकल्पिक स्थलों पर होगा जोर

रामलीला मैदान दिल्ली में बड़े सार्वजनिक कार्यक्रमों और आंदोलनों के आयोजन के लिए जाना जाता है। बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी ग्राउंड भी अब निर्धारित प्रदर्शन स्थलों में शामिल हैं। नए स्थलों पर प्रदर्शन आयोजित करने की प्रक्रिया और शर्तों के संबंध में विस्तृत एसओपी जारी की जानी है।

प्रदर्शन स्थल बदलने से आयोजकों को कार्यक्रम की योजना, प्रदर्शनकारियों के आवागमन और जरूरी व्यवस्थाओं में बदलाव करना पड़ सकता है। संबंधित संगठनों की नजर अब नई व्यवस्था के तहत प्रदर्शन की अनुमति और निर्धारित शर्तों पर रहेगी।