
गुरुदेव की कृपा एवं मां भगवती के आशीर्वाद से आयोजित इस महोत्सव का उद्देश्य श्रद्धालुओं को मां दुर्गा की आराधना, वैदिक परंपराओं और आध्यात्मिक साधना से जोड़ना है। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में श्रद्धालुओं को विभिन्न वैदिक अनुष्ठानों में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा।
16 अक्टूबर को होंगे विभिन्न हवन
महोत्सव का शुभारंभ शुक्रवार, 16 अक्टूबर को सुबह 8:30 बजे श्री महागणपति हवन, नवग्रह हवन एवं वास्तु हवन के साथ होगा। इसके बाद शाम 6 बजे श्री सुदर्शन हवन का आयोजन किया जाएगा।
रुद्र पूजा, दुर्गा सप्तशती पारायण और गरबा रास
शनिवार, 17 अक्टूबर को सुबह 8 बजे रुद्र पूजा एवं श्री रुद्र हवन होगा। शाम 6 बजे चंडी कलश स्थापना एवं दुर्गा सप्तशती पारायण किया जाएगा। इसके बाद रात 8 बजे से गरबा रास का आयोजन होगा। इसमें श्रद्धालु भक्ति और उत्साह के साथ मां भगवती की आराधना करते हुए गरबा में शामिल होंगे।
श्री चण्डिका हवन के साथ होगा समापन
रविवार, 18 अक्टूबर को सुबह 7:30 बजे श्री चण्डिका हवन का आयोजन किया जाएगा। दोपहर 12 बजे से कन्या पूजन एवं भोजन का कार्यक्रम होगा। महोत्सव के तीनों दिन गौ पूजन एवं सत्संग भी आयोजित किए जाएंगे।
श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होने की अपील
आर्ट ऑफ लिविंग, जबलपुर की ओर से सभी श्रद्धालुओं को सपरिवार महोत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। आयोजकों ने परिवार, मित्रों और परिचितों के साथ पहुंचकर वैदिक परंपरा, मां भगवती की आराधना, सत्संग और उत्सव का लाभ लेने की अपील की है।