
जबलपुर। शहर के ऐतिहासिक मुख्य दशहरा चल समारोह में इस बार भी धर्म, राजनीति और समाज से जुड़े विषयों का चित्रण जीवंत झांकियों के माध्यम से किया जाएगा। 162 वर्ष पुरानी श्री गोविंदगंज रामलीला समिति की ओर से तैयार की जा रही झांकियां लोगों को आकर्षित करने के साथ सामाजिक और धार्मिक संदेश भी देंगी। समिति के अध्यक्ष अनिल तिवारी ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी रामलीला जुलूस में कई आकर्षक झांकियां शामिल रहेंगी।
राष्ट्रीय स्वाभिमान की झांकी भी निकलेगी
समिति अध्यक्ष अनिल तिवारी के अनुसार, झांकियों को आकर्षक बनाने के लिए समिति के सदस्य मेहनत कर रहे हैं। इस बार चलित झांकियों में राष्ट्रीय स्वाभिमान, सामाजिक कुरीतियों और धार्मिक संदेशों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा। राम-रावण युद्ध तथा कुंभकर्ण, मेघनाद और रावण के पुतलों से जुड़ी प्रस्तुतियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संस्था भगवान श्रीराम की मर्यादा, अनुशासन, धर्म, संस्कृति और संस्कारों से जुड़े मूल्यों को लेकर कार्य करती है। इस अवसर पर समिति के व्यास पंडित वासुदेव शास्त्री, संरक्षक रवि गुप्ता, राकेश डीपी पाठक, महंत मोहन महाराज, रवीन्द्र मघरिया, विजय सरावगी, राजकुमार गुप्ता, राकेश पाठक, अरुण दुबे, गुड्डा रैकवार, राजेश पाठक, कमल किशोर तिवारी, पवन पांडे, महामंत्री मनीष पाठक, मंगू गोयल, अजय तिवारी, किशन अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, चप्पू गुप्ता, मुकेश पाठक, पप्पू अग्रवाल और गुलहला सहित समिति के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।
छोटा फुहारा से शुरू होगा चल समारोह
अनिल तिवारी ने बताया कि मुख्य चल समारोह का समापन भगवान श्रीराम द्वारा अहंकार के प्रतीक दशानन के वध के साथ होगा। उनके अनुसार, चल समारोह 20 अक्टूबर को शाम 4 बजे छोटा फुहारा से प्रारंभ होकर दमोहनाका, बल्देवबाग, रानीताल, पुराना जीएस कॉलेज, गौमाता चौक और एमएलबी होते हुए बस स्टैंड के रास्ते मुख्य चल समारोह में शामिल होगा। निर्धारित मार्ग से होते हुए जुलूस वापस छोटा फुहारा पहुंचेगा, जहां रावण दहन किया जाएगा। इसके बाद रामलीला में रावण वध लीला का मंचन होगा।
समिति ने नागरिकों से की शामिल होने की अपील
गोविंदगंज रामलीला समिति के अध्यक्ष अनिल तिवारी ने जबलपुर और आसपास के क्षेत्रों तथा ग्रामीण अंचलों के धर्मप्रेमी नागरिकों से चल समारोह में शामिल होने और मार्ग में सजाई जाने वाली झांकियों का दर्शन करने की अपील की है।