पन्‍ना में नेत्र शिविर से ग्रामीणों को मिली नई रोशनी, दवाइयां और चश्मे मिलने से ग्रामीणों में खुशी

पन्ना। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ावा देने की दिशा में जेके सीमेंट की ओर से आयोजित निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार शिविर को ग्रामीणों का अच्छा प्रतिसाद मिला। शिविर में आसपास के गांवों से सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर आंखों की जांच कराई। इस दौरान अनुभवी चिकित्सकों ने आधुनिक मशीनों की मदद से नेत्र परीक्षण किया। जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां और चश्मे भी वितरित किए गए।

शिविर से लाभान्वित ग्रामीणों, विशेषकर बुजुर्गों ने इस पहल की सराहना की। आंखों से कम दिखाई देने के कारण दैनिक कार्यों में परेशानी का सामना कर रहे लोगों को जांच, उपचार और चश्मे मिलने से राहत मिली। ग्रामीणों ने इस जनकल्याणकारी पहल के लिए जेके सीमेंट प्रबंधन के प्रति आभार जताया।

ग्रामीणों के उत्साह से दोबारा शिविर लगाने की तैयारी

शिविर को मिले सकारात्मक प्रतिसाद और ग्रामीणों की मांग को देखते हुए जेके सीमेंट प्रबंधन ने दोबारा नेत्र जांच शिविर आयोजित करने की तैयारी शुरू की है। इसका उद्देश्य उन लोगों तक भी निःशुल्क नेत्र जांच एवं उपचार की सुविधा पहुंचाना है, जो किसी कारणवश पिछले शिविर में शामिल नहीं हो सके थे।

स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास पर जोर

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जागरूकता और जरूरतमंदों तक चिकित्सा सुविधाएं पहुंचाने के प्रयास के रूप में इस पहल को देखा जा रहा है। कंपनी की ओर से आगामी नेत्र शिविर की तिथि और स्थान की घोषणा जल्द किए जाने की बात कही गई है। इससे क्षेत्र के अधिक से अधिक ग्रामीण लाभान्वित हो सकेंगे।

रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा