
जबलपुर। विकास एक निरंतर चलने वाले प्रक्रिया है और आने वाले समय में जबलपुर का विकास ओर तेज गति से होगा। किसी ने सोचा भी नहीं होगा कि पहले जहां 500 से 700 करोड़ रुपए के विकास कार्य ही जबलपुर जिले में हुआ करते थे, अब एक-एक विकास
कार्यों पर ही इतनी राशि खर्च हो रही है। यह कहना है लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने सोमवार को पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में करीब 5 करोड़ 25 लाख रुपए की लागत से बनने वाले सीमेंट कांक्रीट सड़कों के भूमिपूजन किया । भूमिपूजन समारोह में राज्यसभा सदस्य सुमित्रा बाल्मिकी, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एवं नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज भी मौजूद थे। श्री सिंह ने कहा कि आने वाले दो-तीन वर्षों में जबलपुर का स्वरूप बदला दिखाई देगा। इसमें भी पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विकास के मामले में प्रदेश में सबसे अग्रणी होगा।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भोपाल से प्रवाहित हो रही विकास की गंगा का एक बड़ा हिस्सा जबलपुर और विशेष रूप से पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में आ रहा है। श्री सिंह ने कहा कि पिछले दिनों जबलपुर जिले के लिए 3 हजार 200 करोड़ रुपए के जिन विकास कार्यों की घोषणा की गई है, उसमें से अकेले पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के
हिस्से में 1 हजार 600 करोड़ रुपए की राशि आई है। लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जबलपुर में दमोह नाका से मदन महल तक अभी जो फ्लाईओवर बन रहा है वह प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर है। इसके साथ ही जबलपुर में कई और फ्लाईओवर बन रहे है या बनने वाले हैं। उन्होंने बताया कि सगड़ा में फ्लाईओवर के निर्माण कार्य की शुरूआत हो चुकी है। इसके साथ ही संजीवनी
नगर से जीरो डिग्री विजय नगर तक एक और फ्लाईओवर को स्वीकृति मिल चुकी है। वहीं अनगढ़ महावीर मंदिर गोरखपुर से लेकर बंदरिया तिराहा को पार करते हुए बादशाह हलवाई तक 380 करोड़ रुपए के फ्लाईओवर को भी जल्दी ही स्वीकृति मिलने वाली है।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की घोषणा के अनुरूप अयोध्या में सरयू के तटो की तर्ज पर मां नर्मदा के घाटों की विकास की कार्ययोजना भी लगभग अंतिम चरण में है। मां नर्मदा के पावन तटों का विकास दो चरणों में किया जायेगा। इस दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है और डीपीआर तैयार करने का कार्य अंतिम चरणों में है। श्री सिंह ने बताया कि कल ही उन्होंने अधिकारियों के साथ इसके लिए नर्मदा घाटों का निरीक्षण किया है। जल्दी ही नर्मदा घाटों के विकास की इस कार्ययोजना को आम जनता के सामने वॉक थ्रू के माध्यम से प्रस्तुत किया जायेगा।
उन्होंने बताया कि पहले चरण में खारी घाट से लेकर जिलहरी घाट तक तथा दूसरे चरण में भटोली से लेकर तिलवारा घाट तक मां नर्मदा के घाटों का विकास होगा। हमारे प्रयास मां नर्मदा की पवित्रता और पर्यावरण का ध्यान रखते हुए ऐसे सुंदर स्वरूप में घाटों को विकसित करने के हैं, जिसे न केवल जबलपुर के बल्कि दूर-दूर से लोग देखने आयें।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने अपने संबोधन में बताया कि मां नर्मदा के दर्शन करने लोग केवल सड़क मार्ग से ही न जाएं, इसके लिए भी हमने रोप-वे बनाने का निर्णय लिया है। इसमें से 760 करोड़ रुपए के एम्पायर टॉकीज से सदर, गोरखपुर, ग्वारीघाट और गवारीघाट के उस पार जाने वाले रोप-वे की डीपीआर को अनुमति मिल चुकी है और केन्द्रीय मंत्री नितिन गडकरी द्वारा इसके लिए सैद्धांतिक स्वीकृति भी दी जा चुकी है। इसी प्रकार दूसरा रोप-वे सिविक सेंटर से लेकर बल्देवबाग दमोहनाका होते हुए अधारताल तक बनाया जायेगा। दोनों रोप-वे में जगह-जगह स्टेशन भी बनाये जायेंगे। नागरिकों को जिस स्टेशन तक यात्रा करनी हो उस स्टेशन तक इन रोप-वे के माध्यम से अपनी यात्रा कर सकेंगे।
लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह ने कहा कि जब विकास के इतने काम होंगे तो स्वाभिक रूप से रोजगार के अवसर भी यहां बढ़ेंगे।
इस अवसर पर राज्यसभा सदस्य सुमित्रा वाल्मीक ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने लगातार 20 वर्षों तक लोकसभा सांसद और अब लोक निर्माण मंत्री के रूप में कार्य करते हुए जबलपुर का काया पलट कर रहे है। उन्होंने कहा कि पूर्व में केंद्र में पार्टी की सरकार न होने के बावजूद उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में जबलपुर के विमानतल को नवीन स्वरूप दिया है। चाहे शहर में फ्लाइट्स की समस्या का समाधान हो या डुमना नेचर पार्क का कायाकल्प उन्होंने सदैव जबलपुर को कई सौगातें दिलाई हैं । सांसद वाल्मीकि ने कहा कि जबलपुर में बन रहा मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर नागरिकों के लिए परिवर्तन का प्रतीक बन रहा है। अब जिले में कहीं भूमिपूजन होता है तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की टीम भी मौके पर मौजूद रहती है। जनता की मांग के मुताबिक उन्हें तत्काल निर्देश दिए जाते हैं। इस अवसर पर वाल्मीकि ने विकास कार्यों की सौगातें मिलने पर क्षेत्रीय जनता को बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
विकास के मामले में पूरे प्रदेश में सबसे आगे होगा। जबलपुर और पश्चिम विधानसभा क्षेत्र – महापौर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने भूमिपूजन कार्यक्रमों को संबोधित करते हुये कहा कि राकेश सिंह के लोक निर्माण मंत्री बनने के बाद पश्चिम विधानसभा और जबलपुर शहर की पूरी दिशा बदलती जा रही है। विकास की दृष्टि से संस्कारधानी में ऐसे बदलाव हो रहे हैं, जिसकी कभी किसी ने
कल्पना भी नहीं की थी। महापौर ने लोक निर्माण मंत्री श्री सिंह के प्रयासों से रोप-वे के निर्माण को मिली स्वीकृति को शहर के लिये बड़ी सौगात बताया। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के तट को सरयू तट की तर्ज पर विकसित करने की परिकल्पना भी लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की है और जल्दी ही हम उसे साकार होते भी देखेंगे। महापौर ने पश्चिम विधानसभा को विकास की निरंतर मिल रही सौगातों का जिक्र करते हुये क्षेत्र के नागरिकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जब भी विकास की बात होगी, आंकड़े बताए जाएंगे, तब प्रदेश के 230 विधानसभा क्षेत्रों में जबलपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे होगा। महापौर ने कहा कि संस्कारधानी जबलपुर का स्वरूप तेजी से बदल रहा है तो इसका श्रेय लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह को ही जाता है। मंत्री श्री सिंह की वजह से पश्चिम विधानसभा आदर्श के रूप में स्थापित हो रही है। मंत्री श्री सिंह के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों को देखकर निश्चित रूप से कहा जा सकता है
कि आने वाले दो से तीन वर्षों में लोग कह सकेंगे कि जबलपुर अब भोपाल और इंदौर से आगे निकल चुका है।
भूमिपूजन समारोह को नगर निगम के अध्यक्ष रिकुंज विज ने भी संबोधित किया और क्षेत्र की जनता को विकास कार्यों की मिली सौगातों के लिए बधाई दी। भूमिपूजन समारोह में अभय सिंह ठाकुर, नितिन भाटिया, अजय तिवारी, कौशल सूरी, पार्टी के मंडल अध्यक्ष, पार्षद तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक शामिल हुए।
इन सड़कों का हुआ भूमिपूजन
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने आज आयोजित कार्यक्रमों में जिन सीसी सड़कों का भूमिपूजन किया उनमें 1 करोड़ 22 लाख रुपए से बनने वाली बेदी नगर से पचमठा मंदिर मार्ग तक, न्यू गुजराती कॉलोनी में राधा कृष्ण मंदिर से अरविंद सिंह जी के घर तक 95 लाख रुपए से मार्ग, ब्रम्हकुमारी आश्रम से मोहन डेहरिया की दुकान तक 1 करोड़ 64 लाख रुपए से बनने वाली, सोनी कॉलोनी शास्त्री नगर में झारिया जी के मकान से विश्वकर्मा जी के मकान तक और सगड़ा भेड़ाघाट मार्ग से ठाकुर जी के मकान तक 95 लाख रुपए से बनने वाली सड़क तथा गांधी स्मारक से गोपाल उद्यान तक 49 लाख रुपए बनने वाली सीसी रोड शामिल है।