
जबलपुर। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह जबलपुर में आयोजित जय हिंद महासभा से एक बार फिर चर्चा में हैं। जय हिंद महासभा में उनका मंच छोड़कर कार्यकर्ताओं के बीच बैठना चर्चा में है। कांग्रेस में दिग्विजय सिंह गुट के नेता यह कहते हुए नहीं थक रहे कि “हमारे राजा साहब जो प्रण लेते हैं उसे निभाते हैं।”
जो प्रण लिया निभाया
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने इसके पहले पैदल नर्मदा परिक्रमा करने का प्रण लिया था जिसे पूरी तरह निभाया। ग्वालियर में एक कार्यक्रम में उन्होंने प्रण लिया कि मंच पर नहीं बैठेंगे तो वह प्रण को वह निभा रहे हैं।
मनाते रहे नेता
जय हिंद महासभा राष्ट्रीय स्तर का प्रोग्राम कांग्रेस पार्टी का जबलपुर में हुआ। जिसमें देश , प्रदेश के तमाम बड़े नेता आए और मंच पर बैठे। कुछ देर से मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वा राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह आए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मंच के नीचे बैठ गए। उन्हें मंच पर लाने के लिए पूर्व मंत्री लखन घनघोरिया,पूर्व मंत्री तरुण भनोत वा शहर कांग्रेस अध्यक्ष सौरभ शर्मा गए लेकिन वे नहीं माने। वे केवल संबोधन करने मंच पर गए और उसके बाद फिर नीचे आकर कार्यकर्ताओं के बीच बैठ गए।
कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा –
अपने साथ पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बैठने से कार्यकर्ताओं में हर्ष का माहौल हो गया। पूर्व पार्षद शाबान मंसूरी का कहना है कि हमारे राष्ट्रीय नेता हमारे बीच में बैठकर एक आम साधारण व्यक्ति की तरह बैठे रहे। यह संदेश तमाम नेताओं के लिए था कि वे मंच छोड़कर जमीनी स्तर की राजनीतिक करें। देश की आवाम के साथ घुल मिलकर रहे, तब कांग्रेस मजबूत होगी।