बागेश्वर धाम में टेंट गिरा: बाबा धीरेंद्र शास्त्री के जन्मदिन से पहले हादसा, एक श्रद्धालु की मौत

छतरपुर। बाबा धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के जन्मदिन से पहले बागेश्वर धाम से एक दुखद हादसे की खबर सामने आई है। यहां कार्यक्रम के लिए लगाया गया टेंट गिरने से एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसे में अब तक आठ लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है, जिन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल छतरपुर में भर्ती कराया गया है।

बस्ती जिले के श्याम लाल कौशल की मौके पर मौत

हादसे में मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के सिकंदरपुर निवासी 50 वर्षीय श्याम लाल कौशल के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ बाबा बागेश्वर के जन्मोत्सव में शामिल होने के लिए धाम पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 7:30 बजे वह अपने परिवार संग दरबार के पास खड़े थे, तभी अचानक बारिश से बचाव के लिए लगाया गया टेंट गिर गया और लोग उसके नीचे दब गए।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई भयावह स्थिति

चश्मदीदों के अनुसार बारिश तेज हो रही थी और श्रद्धालु टेंट के नीचे खड़े थे। तभी अचानक शेड भरभराकर गिर पड़ा। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। कई लोग खुद को बचाने में सफल रहे, लेकिन कुछ श्रद्धालु इस दुर्घटना की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तत्परता से अस्पताल पहुंचाया।

डॉक्टरों ने दी स्थिति की जानकारी

जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया ने बताया कि अब तक तीन घायलों को अस्पताल लाया गया, जिनमें से एक को मृत अवस्था में लाया गया था। मृतक का पोस्टमार्टम कर दिया गया है। एक अन्य घायल का सीटी स्कैन किया जा रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बाकी घायलों को मामूली चोटें आई हैं।

दो दिन के सभी सांस्‍कृतिक कार्यक्रम स्‍थगित

घटना के बाद बागेश्‍वर धाम सरकार की पहली प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्‍होंने कहा कि अत्‍याधिक बारिश के कारण यहां छोटी सी घटना हुई है और टीन शेड गिरने की अफवाह फैलाई गई है। बहुत पीछे जहां पुराना ग्राउंड है वहां पॉलीथिन में अत्‍याधिक पानी भरने के कारण जो पाइप वाला छोटा सा टेंट लगा था उसका एक पाइप गिरा। वहां अब दरबार नहीं लगता। एक पाइप गिरने से चार-पांच लोगों को चोटे भी आई हैं। अयोध्‍या का एक व्‍यक्ति वहां सो रहा था, जिससे उनका शरीर नहीं रहा। दो दिन के सभी कार्यक्रम स्‍थगित किए जा रहे हैं।

Back to top button