जबलपुर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी 2025 पर सनातन धर्म महासभा की भव्य शोभायात्रा में यह रहेगा खास

50 से अधिक श्रीकृष्ण स्वरूपों की झांकियां, माखन-मिश्री प्रसाद और परंपरागत स्वागत की तैयारियां पूरी

जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में इस वर्ष श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर श्री सनातन धर्म महासभा के तत्वावधान में विशाल शोभायात्रा का आयोजन किया जाएगा। श्रीमद् जगतगुरु नरसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नरसिंह देवाचार्य जी महाराज ने कहा कि जबलपुर धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से सदैव समृद्ध रहा है तथा यहां सनातन संस्कृति को जीवंत बनाए रखने वाले अनेक आध्यात्मिक आयोजन निरंतर होते रहते हैं।

इस बार शोभायात्रा में वृंदावन जैसी साज-सज्जा के साथ 50 से अधिक श्रीकृष्ण स्वरूपों की झांकियां और सजीव प्रस्तुतियां देखने को मिलेंगी। भगवा वस्त्र धारण किए मातृशक्ति और युवा शक्ति इसमें शामिल होंगे। आयोजन समिति के श्याम साहनी और मनोज शर्मा ने बताया कि पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए माखन-मिश्री का प्रसाद वितरित किया जाएगा।

समिति के अनिल तिवारी, संदीप जैन, विध्येश भापकर और विष्णु पटेल ने कहा कि सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं द्वारा विभिन्न स्थानों पर भगवान की आरती उतारकर भव्य स्वागत किया जाएगा। वहीं, गिरिराज चाचा और शरद काबरा ने बताया कि पारंपरिक स्वागत वंदन और प्रसाद वितरण की भी विशेष व्यवस्था की गई है।

46 वर्षों से जारी परंपरा

श्री सनातन धर्म महासभा जबलपुर के तत्वावधान में बीते 46 वर्षों से श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शोभायात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष की तैयारियों के लिए श्रीगोपाल लाल जी महाराज मंदिर हनुमानताल में एक सामूहिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न मंदिरों और संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में महात्मा श्रीकृष्ण राज आराध्य, आचार्य वासुदेव शास्त्री, पं. रोहित दुबे, श्याम साहनी, गिरिराज चाचा, अनिल तिवारी, बी. बी. शर्मा, संदीप जैन गुड्डा, संजय गोस्वामी, मनोज शर्मा, भोले सोनकर, विजय सरागवी, प्रवेश खेड़ा, विष्णु पटेल, विध्येश भापकर, जगदीश साहू, मनोज नारंग, के. के. बस्सी, ब्रजेश नेमा सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

इनके साथ राम मंदिर मदन महल, श्रीकृष्ण मंदिर गोरखपुर, श्रीकृष्ण मंदिर छोटी ओमती, अखिल विश्व गायत्री परिवार, श्रीगोविंद गंज रामलीला समिति, जगदीश मंदिर गढ़ा फाटक, गोपाल मंदिर घमापुर, जयश्री कृष्णी सभा बाई का बगीचा, गोपाललाल जी महाराज मंदिर हनुमानताल, यादव महासभा, नगर पंडित सभा, मालवीय चौक मित्र मंडल और समरसता सेवा संगठन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

शोभायात्रा का मार्ग और समय

आगामी 16 अगस्त 2025 को दोपहर 2 बजे सनातन धर्म चौक, पुराने बस स्टैंड से शोभायात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा विभिन्न मार्गों से होकर निकलेगी और शहरभर में उत्सव का माहौल बनाएगी।

लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अंतर्गत नरसिंह मंदिर, शास्त्री ब्रिज में बुधवार दोपहर 3 बजे से लड्डू गोपाल सजाओ प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें भक्तजन अपनी भक्ति और कला का प्रदर्शन करेंगे।

Back to top button