
नई दिल्ली। कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी ने मध्य प्रदेश के 71 डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट की लिस्ट जारी कर दी है। जबलपुर शहर के लिए वर्तमान शहर अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा पर ही विश्वास जताया है। सौरभ को शहर अध्यक्ष बनाए रखा है। ग्रामीण में परिवर्तन करके निलेश जैन की जगह बरगी से पूर्व विधायक संजय यादव को ग्रामीण जिला अध्यक्ष बनाया है। ग्रामीण में कई कार्यकर्ता, पदाधिकारी ग्रामीण अध्यक्ष बनने के इच्छुक थे लेकिन उन्हें नहीं बनाए जाने पर ग्रामीण कांग्रेस में दबीजुबान से गुटबाजी शुरू हो गई है।
पॉवर पैक होंगे अध्यक्ष
संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत जिनको शहर और ग्रामीण अध्यक्ष बनाया गया है वे पॉवर पैक होंगे। यह बात कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी स्पष्ट कर चुके हैं। इस बारे में स्पष्ट आदेश है कि कोई भी कांग्रेस नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट को बाय पास नहीं करेगा। चुनाव के वक्त डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट ही उम्मीदवार के नाम को आगे बढ़ाएगा। दरअसल अभी तक कांग्रेस में डिस्ट्रिक्ट प्रेसिडेंट की कोई पूछ परख नहीं थी। चुनाव के वक्त भी कांग्रेस के विधायक,सांसद अपने अनुसार उम्मीदवार का नाम तय कर लेते थे। इस नई व्यवस्था से कांग्रेस संगठन मजबूत होगा।
गुटबाजी से निपटना होगा
जबलपुर शहर में सौरभ नाटी शर्मा के लिए कोई खास समस्या नहीं है क्योंकि कांग्रेस नेताओं को यह पहले से ही अंदेशा था कि सौरभ को रिपीट किया जा सकता है। लेकिन ग्रामीण में अचानक पूर्व विधायक संजय यादव का नाम आने से ग्रामीण कांग्रेस में गुटबाजी को शांत करना एक बड़ा टास्क होगा। यहां से कई नाम ऐसे हैं जिनको न कभी विधायक की टिकट मिली न कोई बड़ा पद मिला लेकिन वे कांग्रेस के लिए कार्य करते रहे। जब एआईसीसी के पर्यवेक्षक आए थे तब इन्होंने उत्साह पूर्वक अपना बायो डाटा दिया था और उनके समर्थकों ने भी उनके नाम की पैरवी पर्यवेक्षकों से की थी। उनमें से किसी को भी पद नहीं दिए जाने से उनमें मायूसी है।