Bihar Election: महागठबंधन में तेजस्‍वी होंगे सीएम फेस- महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस में ऐलान

महागठबंधन में मुकेश सहनी होंगे डिप्‍टी सीएम फेस, एक नहीं और कई डिप्‍टी सीएम होंगे

पटना। महागठबंधन में मुख्‍यमंत्री चेहरा तेजस्‍वी यादव होंगे और मुकेश सहनी डिप्‍टी सीएम फेस होंगे। महागठबंधन में एक नहीं और कई डिप्‍टी सीएम होंगे। पिछड़ा वर्ग और अन्‍य पिछड़ा वर्ग से भी डिप्‍टी सीएम बनाए जाएंगे। यह ऐलान महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस में बिहार चुनाव में कांग्रेस पर्यवेक्षक अशोक गहलोत ने किया।

गहलोत ने कहा कि वे नौजवान हैं, लंबा भविष्‍य वे तेजस्‍वी यादव में देखते हैं। वे बिहार के प्रति कमिटेड हैं। बिहार की जनता बदलाव चाहती है। पूरा देश बिहार की ओर देख रहा है। बिहार में नए नेता की जरूरत है। हमने तो अपना सीएम फेस घोषित कर दिया लेकिन एनडीए बताए कि उनका सीएम फेस कौन होगा। उन्‍होंने अभी तक नीतीश कुमार को सीएम फेस ऐलान नहीं किया है। अशोक गहलोत ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि हम अमित शाह से पूछना चाहते हैं कि एनडीए का सीएम फेस कौन है इससे काम नहीं चलेगा कि नीतीश कुमार के नेतृत्‍व में चुनाव लड़ा जाएगा।

बीस साल पुरानी सरकार को उखाड़ फेंकेगे
महागठबंधन की प्रेस कांफ्रेंस में तेजस्‍वी यादव ने कहा कि सीएम फेस के बार में कई बार सवाल उठाए जा रहे थे, इसका आज जवाब मिल गया। हालांकि हमें इंतजार नहीं था, हमें बिहार बनाने का काम करना है। तेजस्‍वी ने कहा कि हम उम्‍मीद पर खरे उतरेंगे और मिलकर डबल इंजन की सरकार में बीस साल पुरानी सरकार को उखाड़ फेंकेगे।

नीतीश कुमार के लिए यह कहा

तेजस्‍वी यादव ने कहा एनडीए में नीतीश कुमार के साथ अन्‍याय हो रहा है। एनडीए ने एक बार भी पीसी नहीं की और न ही नीतीश कुमार को सीएम फेस घोषित किया गया। हम शुरू से कह रहे हैं कि वे सीएम नहीं बनाएंगे। तेजस्‍वी यादव ने कहा कि अमित शाह भी कह चुके हैं कि सीएम विधायक दल के नेता चुनेंगे। बीजेपी हमेशा हर चुनाव में सीएम फेस घोषित करती है इस बार क्‍यों नहीं। यह बडा सवाल खड़ा होता है।

घोटाले का आरोप लगाया

तेजस्‍वी यादव ने भाजपा और जदयू गठबंधन की सरकार पर आरोप लगाया कि बिहार में लगातार घोटाला हो रहा है। बिहार में चूहा बांध गिराता है, हजारों लीटर शराब पी जाता है इसका कोई हिसाब नहीं है। सीएम आवास के बाहर गोलियां चलती हैं, कोई पकड़ा नहीं गया, अफसरशाही, अपराध से लोग परेशान हैं।

जनता भ्रष्‍टाचार से परेशान है, जंगलराज का अरोप लगाते हैं यहां लगातार अपराध बढ़ रहे हैं। क्‍या यह जंगल राज नहीं है हर जिले में लगातार अपराध हो रहे हैं। तेजस्‍वी ने कहा कि करप्‍शन से तेजस्‍वी कांप्रोजमाइज नहीं करेगा, कानून से कोई बडा नहीं है। तेजस्‍वी की परछाई भी गलत काम करेगी तो उसे सजा दिलाने का काम तेजस्‍वी करेगा।

विजन पर ये कहा

तेजस्‍वी यादव ने कहा कि हम लोग अपना विजन लगातार बता रहे हैं। एनडीए ने अपना मेनीफेस्‍टो नहीं बताया कि वे आने वाले पांच साल में क्‍या करेंगे। ये लोग तेजस्‍वी ने जो कहा उसकी नकल करते हैं। एनडीए सरकार नकलची सरकार है। ये लोग थके हुए लोग हैं, बिहार की जनता की सेवा नहीं करना चाहते। कई काम जो हमने 17 माह में करके दिखाया वह काम दिखता है।

हमको केवल 20 माह का मौका दें, जो 20 साल में नहीं हुआ वह 20 माह में पूरा करके दिखाएंगे। जिस परिवार के पास सरकारी नौकरी नहीं है उस परिवार में एक सदस्‍य को सरकारी नौकरी देंगे। चुनाव के बाद जेडीयू नहीं बचेगी। हमारे पास बिहार को आगे बढ़ाने का विजन है। यहां कई राज्‍यों के बड़े सीएम आ रहे हैं, आरएसएस के लोग आ रहे हैं लेकिन किसी ने अपना विजन नहीं बताया। पूरा मशीनरी हमारे यहां के लोगों को तोड़ने के लिए लगा हुआ है।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस नेता राजेश राम, आरजेडी के तेजस्‍वी यादव, गठबंधन के सहयोगी मुकेश सहनी, लेफ्ट के दीपांकर भट्टाचार्य और ललन चौधरी सहित अन्य नेताओं ने मंच साझा किया और सभी ने एक सुर में गठबंधन की एकजुटता का संदेश दिया।