मनुष्य में देवत्व का भाव जगाने 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने किया गायत्री महायज्ञ

251 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का गीता धाम मैदान, गौरीघाट में भव्य शुभारंभ

जबलपुर। अखिल भारतीय गायत्री परिवार के तत्वावधान में गौरीघाट स्थित गीता धाम में आयोजित 251 कुंडीय शक्ति संवर्धन गायत्री महायज्ञ का शुभारंभ शनिवार सुबह अत्यंत श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण के बीच हुआ। महायज्ञ के पहले ही दिन 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ गायत्री यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर मनुष्य में देवत्व के भाव को जागृत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ सुबह 6:00 बजे ध्यान, प्राणायाम एवं साधना के साथ हुआ। इसके पश्चात सुबह 8:00 बजे देव आव्हान के साथ यज्ञ विधिवत प्रारंभ किया गया, जो दोपहर लगभग 2 बजे तक निरंतर चला। इस दौरान भगवती वेदमाता गायत्री एवं देव शक्तियों का पूजन विधिविधान से संपन्न हुआ।

करीब 4 घंटे तक क्रमबद्ध रूप से गायत्री यज्ञ चलता रहा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

चार दिवसीय यज्ञ में उमड़ा जनसैलाब

19 से 22 दिसंबर तक चलने वाले चार दिवसीय गायत्री महायज्ञ में जबलपुर ही नहीं, बल्कि आसपास के अन्य शहरों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे हैं। पहले ही दिन 8 से 10 हजार लोगों की सहभागिता दर्ज की गई।

यज्ञ स्थल पर भोजन, आवास, चिकित्सा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं गायत्री परिवार द्वारा की गई हैं। परिसर में सप्त क्रांति की झांकी स्थापित की गई है। साथ ही गुरुदेव द्वारा रचित 3200 कृतियों की प्रदर्शनी भी श्रद्धालुओं के लिए लगाई गई है।

शाम 4:00 बजे से प्रारंभ हुए द्वितीय चरण के कार्यक्रम में भजन-संगीत एवं आध्यात्मिक प्रवचनों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री प्रहलाद पटेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रहलाद पटेल ने कहा—
“हम अत्यंत सौभाग्यशाली हैं कि नर्मदा के पावन तट पर गायत्री परिवार द्वारा इतने भव्य स्तर पर यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। निश्चित रूप से इसका आध्यात्मिक लाभ जन-जन को मिलेगा।”

इस अवसर पर यज्ञ स्मारिका का विमोचन किया गया। साथ ही यज्ञ से संबंधित विशेष कैलेंडर का भी विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया।

रक्तदान शिविर में 50 से अधिक यूनिट रक्त संग्रह किया गया।

हरिद्वार से आए संत-साधकों का मार्गदर्शन

शांतिकुंज हरिद्वार से पधारे मनीषी श्याम बिहारी दुबे जी ने अपने उद्बोधन में कहा—
“संस्कारों के अभिवर्धन से मानव देव तुल्य बन सकता है।”

कार्यक्रम में स्वामी अखिलेश्वरानंद जी महाराज, नरसिंह दास महाराज, उद्योगपति कैलाश गुप्ता, डॉक्टर जितेंद्र जामदार सहित अनेक संत, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

संस्कार निर्माण का कार्य कर रहा है गायत्री परिवार

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि गायत्री परिवार संस्कार, चरित्र और राष्ट्र निर्माण का कार्य कर रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव हो रहा है। शांतिकुंज से मध्य जोन प्रभारी जगदीश कुल्मी एवं प्रभाकांत तिवारी की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

Back to top button