
जबलपुर। संत और शास्त्र कहते हैं कि माता-पिता के सत्कर्मों से लौकिक सुख की प्राप्ति होती है। भक्ति और जीवन में गुरु कृपा से उत्तरोत्तर वृद्धि होती है। गुरु कृपा से ही सांसारिक जीवन में आने वाली व्याधियों को दूर करने का आत्मिक बल प्राप्त होता है। सेवा के प्रकल्पों को निरंतर जारी रखने के लिए बच्चों में बचपन से ही पीड़ितों की सेवा के संस्कार डालना आवश्यक है। उन्हें सेवा कार्यों से जोड़कर समाज के प्रति उत्तरदायित्व का भाव जागृत करना चाहिए।
22 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा नेत्र शिविर
लौकिक नेत्रों को संत-महात्माओं के मार्गदर्शन और आध्यात्मिक ज्ञान से तथा भौतिक नेत्रों को चिकित्सकीय उपचार से स्वस्थ करने का कार्य परम पूज्य स्वामी रामचंद्र दास शास्त्री के आशीर्वाद से नरसिंह मंदिर गीता धाम परिवार द्वारा निरंतर 22 वर्षों से 22 फरवरी को आयोजित नेत्र शिविर के माध्यम से किया जा रहा है। यह सेवा प्रकल्प जबलपुर संस्कारधानी में समाजसेवा की अनूठी मिसाल बना हुआ है।
संतों ने दिया सेवा और संस्कार का संदेश
उक्त उद्गार श्रीमद् जगतगुरु नृसिंह पीठाधीश्वर डॉ. स्वामी नृसिंह देवाचार्य जी महाराज, महामंडलेश्वर स्वामी राधे चैतन्य, स्वामी हनुमान दास एवं आचार्य श्री वासुदेव शास्त्री सहित अन्य वक्ताओं ने नरसिंह मंदिर में स्वामी रामचंद्र दास शास्त्री के पावन जन्मोत्सव अवसर पर आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर में व्यक्त किए। यह शिविर विगत 22 वर्षों से अमेरिका निवासी ठाकुर हरकेश सिंह के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
515 मरीजों की जांच, 155 ऑपरेशन के लिए चिन्हित
नेत्र चिकित्सा शिविर में कुल 515 रोगियों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 155 मरीजों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया। डॉ. पवन स्थापक द्वारा अनवरत देवजी नेत्रालय तिलवारा घाट में निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत मोतियाबिंद ऑपरेशन कर लेंस प्रत्यारोपण किया जाता है। इस सेवा कार्य ने अनेक जरूरतमंदों को नई दृष्टि प्रदान की है।
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का सम्मान
जबलपुर में सनातन संस्कृति और सर्वांगीण विकास कार्यों के लिए श्री सनातन धर्म महासभा जबलपुर नरसिंह मंदिर गीता धाम परिवार की ओर से लोक निर्माण मंत्री श्री राकेश सिंह जी को संतों के सानिध्य में शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं सम्मान पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
गणमान्यजनों की गरिमामयी उपस्थिति
नेत्र चिकित्सा शिविर में मंत्री श्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू भैया, डॉ. पवन स्थापक, हरकेश सिंह ठाकुर, श्याम साहनी, श्रीमती नीना सिंह ठाकुर, पूनम ठाकुर (अमेरिका), श्रीमती कमलजीत परमार, हैप्पी परमजीत परमार, गुरदीप सिंह परमार, डॉ. पवन अनुपमा स्थापक, सुनीता चावला, मीरा दुबे, अंजू भार्गव, गिरिराज चाचा, डॉ. दीपक बहरानी, डॉ. डी.के. डांग, हैप्पी परमार, गुलशन मखीजा, शरद काबरा, प्रवेश खेड़ा, डॉ. संदीप मिश्रा, विध्येश भापकर, राजेन्द्र यादव, मनोज नारंग, जगदीश साहू, लोकराम कोरी, इन्दु राजेन्द्र प्यासी, सुधा यादव, शिवनारायण शर्मा, कृष्णा यादव, सत्येन्द्र ज्योतिषी, के.के. बस्सी, जीवन कपिल, मुन्ना पांडे, विष्णु पटेल सहित सहेली ग्रुप, जायंट्स क्लब एवं भक्त परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का मंच संचालन प्रवेश खेड़ा एवं लकी भाटिया ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन दीपक असरानी द्वारा किया गया। कुल मिलाकर यह आयोजन सेवा, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायी उदाहरण बनकर सामने आया।