पन्ना से जल संरक्षण का बड़ा संदेश, ई-स्कूटी पर निकले सांसद-विधायक, तालाबों के संवर्धन का संकल्प

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और ऐतिहासिक धरोहरों के संवर्धन को लेकर पन्ना में एक अनूठी और प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। सांसद वीडी शर्मा एवं विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने “जल गंगा संवर्धन अभियान” के अंतर्गत शहर के विभिन्न ऐतिहासिक तालाबों का निरीक्षण कर उनके संरक्षण और पुनर्जीवन का संकल्प लिया।

ई-स्कूटी से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि सांसद और विधायक पूरी टीम के साथ इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी से शहर के तालाबों के भ्रमण पर निकले। इस पहल के माध्यम से जल संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण बचाने, प्रदूषण कम करने और पेट्रोल-डीजल की बचत का संदेश भी लोगों तक पहुंचाया गया।

16 तालाबों के संवर्धन की बनेगी व्यापक योजना

निरीक्षण के दौरान नेताओं ने कहा कि पन्ना केवल हीरों की नगरी ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक तालाबों और जल संरचनाओं की समृद्ध विरासत वाला शहर भी है। उन्होंने बताया कि जिले के 16 प्रमुख तालाबों के संरक्षण, गहरीकरण, सौंदर्यीकरण और जल क्षमता बढ़ाने की व्यापक योजना तैयार की जा रही है, ताकि पन्ना को “तालाबों की नगरी” के रूप में नई पहचान मिल सके।

जनभागीदारी से सफल होगा अभियान

सांसद वीडी शर्मा और विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक नागरिक किसी एक तालाब की स्वच्छता और संरक्षण की जिम्मेदारी ले, तो भविष्य में जल संकट को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने लोगों से तालाबों को अपनी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक धरोहर मानकर उनके संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।

तालाबों में गंदा पानी जाने से रोकने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए कि किसी भी नाले का गंदा पानी तालाबों में न पहुंचे। इसके लिए ड्रेनेज व्यवस्था मजबूत करने, नियमित सफाई कराने और अवैध जल निकासी रोकने के निर्देश दिए गए। साथ ही तालाबों के आसपास हरियाली बढ़ाने, घाट निर्माण, सौंदर्यीकरण और पर्यटन सुविधाएं विकसित करने पर भी जोर दिया गया।

बेनीसागर तालाब के उन्नयन का कार्य जारी

विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि विधायक निधि से बेनीसागर तालाब के उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराया जा रहा है। इसी प्रकार अन्य तालाबों को भी व्यवस्थित रूप से विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, जिससे जल संरक्षण के साथ पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

खोरा तालाब और किला फीडर योजना पर तेजी

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि खोरा तालाब और किला फीडर के माध्यम से तालाबों को भरने की महत्वपूर्ण योजना पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। योजना पूर्ण होने के बाद शहर के तालाबों में पर्याप्त जल उपलब्ध रहेगा, जिससे भूजल स्तर में सुधार होगा और शहर को निरंतर जल आपूर्ति में मदद मिलेगी।

प्रधानमंत्री की प्रेरणा से अभियान को मिला बल

सांसद वीडी शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और वैकल्पिक ऊर्जा को बढ़ावा देने का आह्वान कर रहे हैं। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए इस अभियान में इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी का उपयोग किया गया है, ताकि समाज को ईंधन बचाने और प्रदूषण कम करने का संदेश दिया जा सके।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा, जयप्रकाश चतुर्वेदी, विधायक प्रतिनिधि विष्णु पांडे, कमल लालवानी, रामअवतार पाठक, ऋषि बुंदेला, रवि पांडे, राकेश चौबे, लक्ष्मी यादव, भास्कर पांडे, पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं नगर पालिका अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का उत्साह स्पष्ट रूप से दिखाई दिया।

Back to top button