
पन्ना। पन्ना जिले के अजयगढ़ क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बिहरपुरवा के ग्राम कड़रहा में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। मनरेगा योजना के तहत निर्माणाधीन सार्वजनिक कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से पांच मजदूर दब गए। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, 2 शव निकाले गए
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जेसीबी मशीनों की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। देर शाम तक दो मजदूरों के शव बाहर निकाले जा चुके थे, जबकि अन्य मजदूरों की तलाश जारी रही। बाद में इस हादसे में कुल 5 मजदूरों की मृत्यु की पुष्टि हुई।

पानी पीने बाहर आया मजदूर, बच गई जान
ग्रामीणों के अनुसार हादसे से कुछ मिनट पहले एक मजदूर पानी पीने के लिए कुएं से बाहर निकला था। उसी दौरान कुएं की दीवार और आसपास की मिट्टी अचानक धंस गई, जिससे अंदर मौजूद मजदूर दब गए।

परिजनों में मचा कोहराम
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतकों में आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव एवं चुनवाद पाल शामिल हैं।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुएं का निर्माण कार्य बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के कराया जा रहा था। मजदूरों को बिना हेलमेट, सुरक्षा रस्सी और अन्य उपकरणों के काम पर लगाया गया था। यह भी बताया गया कि यह कुआं पूर्व में भी धंस चुका था।
प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
स्थानीय लोगों ने पंचायत और संबंधित विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया होता तो हादसे को टाला जा सकता था।
कलेक्टर ने किया निरीक्षण, मदद का आश्वासन
हादसे के बाद कलेक्टर ऊषा परमार ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया। अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जताया शोक, मृतक के परिजनों को 4-4 लाख सहायता की घोषणा
पन्ना जिले के अजयगढ़ जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत बीहरपुरवा के नया पुरवा में निर्माणाधीन कुएं के धंसने से हुई श्रमिकों की मौत पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है और उनकी संवेदनाएं शोकाकुल परिवारों के साथ हैं।
मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।