
राज्यसभा की रिक्त सीटों के लिए भाजपा और कांग्रेस ने प्रत्याशी तय कर दिए हैं। दोनों ही पार्टियों ने रणनीति के तहत प्रत्याशी तय किए हैं। अपनी रणनीति के तहत भाजपा ने जो प्रत्याशी तय किए हैं, वे चर्चाओं से दूर रहे। इनके नाम की चर्चा भी नहीं थी। वहीं भाजपा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जहां सभी की सोच खत्म होती है, वहां से भाजपा सोचना शुरू करती है। भाजपा ने संगठन को महत्व देते हुए प्रत्याशी तय किए हैं, जिसमें आने वाले चुनावों को भी ध्यान में रखा गया है। मालूम हो कि केंद्रीय मंत्री जार्ज कुरियन और सुमेर सिंह सोलंकी मप्र से राज्यसभा सदस्य हैं और दोनों का कार्यकाल इसी माह समाप्त हो रहा है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने मध्यप्रदेश से राज्यसभा की रिक्त हो रही दो सीटों के लिए तरुण चुघ और रजनीश अग्रवाल को अपना आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया है। दोनों ही प्रत्याशी संगठन में सक्रिय हैं। तरुण चुघ भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री और रजनीश अग्रवाल भाजपा के प्रदेश मंत्री हैं। प्रदेश के कोटे में एक सीट आई है, दूसरी सीट पर पंजाब निवासी तरुण चुघ को अवसर दिया गया है।
पंजाब चुनाव को ध्यान में रखा गया
पंजाब में अगले साल होने वाले चुनावों को भाजपा ने ध्यान में रखा है। चर्चा है कि इसी कारण दूसरी सीट से पंजाब निवासी तरुण चुघ को प्रत्याशी बनाया गया है। वे भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हैं और संगठन में सक्रिय हैं। इसका फायदा भाजपा पंजाब के चुनाव में लेना चाहती है।
कांग्रेस ने भी तय किए प्रत्याशी
कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में महिला कार्ड खेलते हुए मंदसौर से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी बनाया है। वे फिलहाल तेलंगाना प्रभारी हैं। दिग्विजय सिंह ने खुद ही ऐलान कर दिया था कि वे राज्यसभा में नहीं जाएंगे। इसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नाम की चर्चा थी। हालांकि जब पटवारी से पूछा गया तो उन्होंने इससे इंकार किया था। कांग्रेस ने भी रणनीति के तहत अपना उम्मीदवार घोषित किया है। मीनाक्षी नटराजन राहुल गांधी की टीम की प्रमुख सदस्य हैं।
Image: AI GENERATED