
हटा। हटा ब्लॉक के मड़ियादो संकुल अंतर्गत आने वाले मलवारा गांव का शासकीय प्राथमिक विद्यालय जर्जर भवन में संचालित हो रहा है। भवन की खराब स्थिति के कारण यहां पढ़ने वाले 70 से अधिक छात्रों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। शिक्षक भी हर दिन भवन गिरने की आशंका के बीच बच्चों को पढ़ाने के लिए मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार विद्यालय भवन की दीवारों में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। कई स्थानों पर दीवारें टूट गई हैं, जिन्हें ईंटों से भरकर अस्थायी रूप से संभाला गया है। बारिश के दौरान भवन की स्थिति और अधिक चिंताजनक हो जाती है, जिसके चलते कई बार विद्यालय की छुट्टी तक करनी पड़ती है।
एक ही कक्षा में बैठ रहे 70 से अधिक छात्र
भवन जर्जर होने के कारण शिक्षक 70 से अधिक विद्यार्थियों को एक ही कक्षा में बैठाकर पढ़ाने को मजबूर हैं। इससे न केवल पढ़ाई प्रभावित हो रही है, बल्कि बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी लगातार चिंता बनी हुई है।
पिछले वर्ष पंचायत भवन में लगी थी कक्षाएं
विद्यालय भवन की स्थिति को देखते हुए जनवरी 2025 में छात्रों को पंचायत भवन में स्थानांतरित कर दिया गया था और पूरे वर्ष वहीं शिक्षण कार्य संचालित हुआ। हालांकि इस वर्ष पंचायत भवन में पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बच्चों को फिर से जर्जर भवन में पढ़ाई करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
पंचायत भवन भी नहीं बना स्थायी समाधान
ग्रामीणों के अनुसार पंचायत भवन में केवल एक कमरा है, जिसकी छत से बारिश के दौरान पानी टपकता है। ऐसे में वहां भी नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करना संभव नहीं हो पा रहा था। इसी वजह से विद्यार्थियों को दोबारा पुराने क्षतिग्रस्त भवन में बैठाया गया है।
शिक्षक बोले- शैक्षणिक व्यवस्था हो रही प्रभावित
विद्यालय के शिक्षक राजेश अहिरवार ने बताया कि भवन की जर्जर स्थिति के कारण शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है और बारिश के दौरान पढ़ाई कराना बेहद मुश्किल हो जाता है।
एसडीएम ने दिए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश
हटा एसडीएम राकेश मरकाम ने बताया कि बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि जर्जर विद्यालय भवनों को चिन्हित कर विद्यार्थियों के लिए अन्य सुरक्षित भवनों में वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
रिपोर्ट: जिमी नगरिया