Google पर डॉक्टर का नंबर सर्च करना पड़ा महंगा, 10 रुपये की फीस के बहाने खाते से उड़ाए 6 लाख रुपये

मऊगंज। गूगल पर डॉक्टर का मोबाइल नंबर सर्च करना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं, जिनमें गूगल पर मिले फर्जी मोबाइल नंबर पर कॉल करने के बाद साइबर ठग लोगों के बैंक खाते खाली कर रहे हैं। ताजा मामले में मऊगंज निवासी राकेश कुमार के साथ करीब छह लाख रुपये की साइबर ठगी हुई है।

पुलिस के अनुसार राकेश कुमार अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए डॉक्टर की तलाश कर रहे थे। उन्होंने गूगल पर डॉक्टर का मोबाइल नंबर सर्च किया। सर्च के दौरान मिले नंबर पर उन्होंने कॉल किया, लेकिन वह नंबर साइबर ठगों का निकला।

10 रुपये के रजिस्ट्रेशन के नाम पर भेजा लिंक

राकेश कुमार ने जिस नंबर पर कॉल किया था, उसी नंबर से कुछ देर बाद दोबारा फोन आया। कॉल करने वाले ने डॉक्टर के यहां रजिस्ट्रेशन कराने के नाम पर एक लिंक भेजा और 10 रुपये की ऑनलाइन फीस जमा करने के लिए कहा।

लिंक खोलते ही खाते से उड़ गए 6 लाख रुपये

राकेश ने भेजे गए लिंक को खोलकर भुगतान करने का प्रयास किया, लेकिन 10 रुपये का भुगतान सफल नहीं हो सका। इसके कुछ ही समय बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजेक्शन के जरिए छह लाख रुपये से अधिक की राशि निकाल ली गई। इसके बाद उन्हें साइबर ठगी का अहसास हुआ।

पुलिस ने लोगों को किया सतर्क

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि डॉक्टर, अस्पताल या किसी अन्य सेवा का मोबाइल नंबर केवल आधिकारिक वेबसाइट या विश्वसनीय स्रोत से ही प्राप्त करें। गूगल सर्च में दिखने वाले हर नंबर पर भरोसा न करें। किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर भुगतान करने या बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचें। संदेह होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 या निकटतम साइबर पुलिस से संपर्क करें।

Back to top button