25 जुलाई को देवशयनी एकादशी पर जबलपुर में निकलेगी भव्य श्री विठ्ठल वारी शोभायात्रा

जबलपुर। आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल, जबलपुर के तत्वावधान में लगातार 12वें वर्ष पंढरपुर (महाराष्ट्र) की तर्ज पर 25 जुलाई 2026 को देवशयनी एकादशी के अवसर पर भव्य श्री विठ्ठल वारी हरिनाम संकीर्तन एवं शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा शाम 4 बजे श्री दत्त मंदिर, गोलबाजार से प्रारंभ होगी और शहर के प्रमुख मार्गों से होकर श्री विठ्ठल रखुमाई मंदिर, हनुमानताल पहुंचेगी।

पालकी में विराजेंगे श्री विठ्ठल-रखुमाई एवं संतों के श्रीविग्रह

शोभायात्रा में भगवान श्रीहरि विठ्ठल-रखुमाई माता के दिव्य श्रीविग्रह के साथ संत ज्ञानेश्वर महाराज एवं संत गजानन महाराज की पालकी रथ पर विराजमान रहेगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भगवान एवं संतों के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा।

हरिनाम संकीर्तन से गूंजेंगे शहर के प्रमुख मार्ग

हरिनाम संकीर्तन यात्रा श्री दत्त मंदिर, गोलबाजार से प्रारंभ होकर नेशनल हॉस्पिटल, पुराने जामदार हॉस्पिटल, डी.एन. जैन स्कूल, मालवीय चौक, सुपर मार्केट, लार्डगंज चौक, कमानिया गेट, सराफा बाजार, कोतवाली थाना एवं राजा रसगुल्ला वाली गली होते हुए श्री विठ्ठल रखुमाई मंदिर, हनुमानताल पहुंचेगी। पूरे मार्ग में श्रद्धालु भजन-कीर्तन एवं हरिनाम संकीर्तन करते हुए आगे बढ़ेंगे।

मराठी संस्कृति और सामाजिक समरसता का दिखेगा संगम

वारी यात्रा में विठ्ठल बैंड, ढोल-ताशे, मातृशक्ति लेझिम दल, पाऊल भजन मंडली तथा मराठी पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चे और महिलाएं विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। यात्रा मराठी संस्कृति, भक्ति और सामाजिक समरसता का संदेश देती हुई शहरवासियों को आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराएगी।

संत-महात्माओं एवं श्रद्धालुओं की रहेगी गरिमामयी उपस्थिति

आयोजन में संत-महात्मा, युवा, मातृशक्ति तथा शहर के अनेक गणमान्य नागरिक शामिल होंगे। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा वर्षों से जबलपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन बन चुकी है।

शहरवासियों से सहभागिता की अपील

आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल, जबलपुर ने संस्कारधानी के सभी नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा मार्ग पर भगवान श्रीहरि विठ्ठल-रखुमाई की आरती करें, पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत करें तथा हरिनाम संकीर्तन में सहभागी बनकर पुण्य लाभ अर्जित करें।

रिपोर्ट: विध्‍येश भापकर

Back to top button