पन्ना में भागवत कथा संपन्न, संस्कृत विद्यालय और संत समागम का लिया संकल्प

राकेश कुमार शर्मा

पन्ना। श्री जुगल किशोर सरकार सप्तनिधि धाम, पन्ना में आयोजित 15 दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा एवं गुरु पूर्णिमा महोत्सव का समापन श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास के साथ हुआ। अंतिम दिवस मलूक पीठाधीश्वर पूज्य श्री राजेंद्र दास जी महाराज ने भागवत कथा का अमृतपान कराते हुए सनातन संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया। कथा समापन अवसर पर हजारों श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर भगवान श्री जुगल किशोर सरकार का आशीर्वाद प्राप्त किया।

संस्कृत विद्यालय स्थापना का दिया संदेश

अपने आशीर्वचन में पूज्य श्री राजेंद्र दास जी महाराज ने पूर्व मंत्री एवं पन्ना विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह से श्री जुगल किशोर सरकार सप्तनिधि धाम के नाम पर एक संस्कृत विद्यालय की स्थापना करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस विद्यालय के माध्यम से देशभर के विद्यार्थी संस्कृत भाषा, वेद, पुराण एवं सनातन शास्त्रों का अध्ययन कर धर्म और संस्कृति के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। यह संस्थान आने वाली पीढ़ियों के लिए सनातन संस्कृति का सशक्त केंद्र बनेगा।

हर वर्ष आयोजित हो संत समागम

पूज्य महाराज ने सुझाव दिया कि श्री जुगल किशोर सरकार धाम में प्रतिवर्ष कम से कम तीन दिवसीय संत समागम आयोजित किया जाए। इस आयोजन में देशभर के संत-महात्मा एकत्र होकर भजन, कीर्तन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों के माध्यम से भगवान श्री जुगल किशोर सरकार की महिमा का प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि वे स्वयं, पूज्य श्री किशोर दास जी महाराज, पूज्य इंद्रेश जी महाराज सहित अन्य संत भी प्रत्येक वर्ष इस आयोजन में सहभागी बनने का प्रयास करेंगे।

विधायक ने संकल्प पूरा करने का दिया भरोसा

पूर्व मंत्री एवं विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने गुरुदेव के संकल्प को पूर्ण करने का विश्वास दिलाते हुए कहा कि संस्कृत विद्यालय की स्थापना और वार्षिक संत समागम को साकार करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 24 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के पन्ना आगमन के दौरान इस वार्षिक आयोजन को शासन के आधिकारिक कैलेंडर में शामिल कराने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही संस्कृत विद्यालय की स्थापना के लिए भी शासन स्तर पर आवश्यक पहल की जाएगी।

धार्मिक पर्यटन के रूप में पन्ना को मिलेगी नई पहचान

बृजेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि यह आयोजन किसी व्यक्ति विशेष का नहीं, बल्कि संपूर्ण भक्त परिवार और पन्ना की जनता का है। इसका उद्देश्य भगवान श्री जुगल किशोर सरकार की दिव्य महिमा को देश-दुनिया तक पहुंचाना तथा पन्ना को प्रमुख आध्यात्मिक एवं धार्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे आयोजनों से क्षेत्र की धार्मिक पहचान और पर्यटन गतिविधियों को नई दिशा मिलेगी।

भजनों से भक्तिमय हुआ समापन समारोह

समापन अवसर पर पूज्य इंद्रेश जी महाराज ने मधुर भजनों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। कथा पंडाल भगवान श्री जुगल किशोर सरकार के जयघोष, भजन-कीर्तन और श्रद्धालुओं की भक्ति से देर तक गुंजायमान रहा।

आज होगी भक्तमाल कथा

कार्यक्रम के अंत में आयोजन समिति एवं भक्त परिवार ने पूज्य श्री राजेंद्र दास जी महाराज सहित सभी संत-महात्माओं का सम्मानपूर्वक अभिनंदन एवं विदाई की। इस दौरान जानकारी दी गई कि 23 जुलाई को दोपहर 3 बजे से श्री जुगल किशोर मंदिर में पूज्य श्री किशोर दास जी महाराज के श्रीमुख से भक्तमाल कथा का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुओं को भगवान के परम भक्तों के दिव्य जीवन चरित्र और उनकी भक्ति महिमा का रसपान कराया जाएगा।

Back to top button