
पन्ना। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार, 24 जुलाई को पन्ना प्रवास पर रहेंगे। वे जिला मुख्यालय स्थित होमगार्ड ग्राउंड में आयोजित शासकीय कार्यक्रम में शामिल होकर 204.26 करोड़ रुपये की लागत के 22 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन एवं भाजपा संगठन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
तैयारियों का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे के मद्देनजर पन्ना विधायक एवं पूर्व मंत्री बृजेंद्र प्रताप सिंह तथा भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों एवं पार्टी पदाधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान सुरक्षा, यातायात, मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
कमिश्नर और आईजी ने भी देखीं व्यवस्थाएं
मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों का जायजा लेने कमिश्नर अनिल सुचारी एवं पुलिस महानिरीक्षक मिथलेश शुक्ला भी कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उन्होंने हेलीपैड, रूट चार्ट, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, विभागीय प्रदर्शनी, वीआईपी एवं आमजन के प्रवेश-निकास सहित सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पहले कलेक्टर ऊषा परमार भी अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा कर चुकी हैं।
22 विकास कार्यों की मिलेगी सौगात
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 94.63 करोड़ रुपये की लागत के 6 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 109.63 करोड़ रुपये की लागत के 16 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इनमें गुनौर एवं पवई के सांदीपनि विद्यालय भवन, शासकीय महाविद्यालय पवई, बृजपुर एवं सुहावा बैराज योजना, बृहस्पति कुंड सौंदर्यीकरण, डायमंड म्यूजियम, संयुक्त एसडीएम कार्यालय, छत्रसाल पीजी कॉलेज विज्ञान भवन, विभिन्न सड़क निर्माण कार्य, छात्रावास, पॉलीटेक्निक भवन तथा अन्य अधोसंरचना परियोजनाएं शामिल हैं।
यह रहेगा मुख्यमंत्री का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री दोपहर 1:50 बजे भोपाल से प्रस्थान कर 2:35 बजे खजुराहो पहुंचेंगे। इसके बाद हेलीकॉप्टर से 3:00 बजे पन्ना हेलीपैड पहुंचेंगे। शासकीय कार्यक्रम एवं अन्य आयोजनों में शामिल होने के बाद शाम 5:05 बजे पन्ना से रवाना होकर 5:20 बजे खजुराहो पहुंचेंगे तथा वहां से भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।
कार्यकर्ताओं से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील
भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र मिश्रा एवं विधायक बृजेंद्र प्रताप सिंह ने पार्टी कार्यकर्ताओं एवं आमजन से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर मुख्यमंत्री का स्वागत करने तथा कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिले में उत्साह का माहौल है और प्रशासनिक एवं संगठनात्मक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा