
जबलपुर। मध्यप्रदेश विद्युत कंपनियों के मुख्यालय शक्तिभवन में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह उल्लास एवं गरिमा के साथ मनाया गया। एमपी पावर मैनेजमेंट कंपनी के प्रबंध संचालक एवं प्रदेश के ऊर्जा सचिव विशेष गढ़पाले ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली। उन्होंने प्रदेश की समस्त विद्युत कंपनियों के अभियंताओं एवं कार्मिकों से आह्वान किया कि उनका संकल्प हो कि हर घर रोशन हो, हर खेत ऊर्जावान हो, हर उद्योग गतिमान हो, हर कर्मचारी सुरक्षित हो, हर परिवार खुशहाल हो और ऊर्जा के माध्यम से मध्यप्रदेश आत्मनिर्भर एवं विकसित प्रदेश बने।
इस अवसर पर पूर्व क्षेत्र कंपनी के प्रबंध संचालक अजय गुप्ता, पावर जनरेटिंग कंपनी के प्रबंध संचालक मनजीत सिंह, पावर ट्रांसमिशन कंपनी के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी, पावर मैनेजमेंट कंपनी के कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन एवं प्रशासन फिरोज कुमार मेश्राम सहित बड़ी संख्या में कार्मिक, सेवानिवृत्त कर्मी, महिलाएं एवं बच्चे उपस्थित थे।

प्रदेश में बिजली उपलब्धता 26,306 मेगावाट
मुख्य अतिथि विशेष गढ़पाले ने कहा कि प्रदेश में पिछले एक दशक से अधिक समय से कृषि कार्य हेतु 10 घंटे और घरेलू बिजली उपभोक्ताओं, इंडस्ट्री एवं व्यवसाय के लिए 24 घंटे बिजली देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश के विकास में बिजली का महत्वपूर्ण योगदान है। प्रदेश में बिजली की आवश्यकता के अनुसार बिजली की उपलब्धता बनी हुई है और प्रयास है कि भविष्य के वर्षों में भी यह निरंतर बनी रहे। वर्तमान में प्रदेश की विद्युत उपलब्ध क्षमता 26,306 मेगावाट है। मध्यप्रदेश भविष्य में भी विद्युत के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बना रहे, इसके लिए डीबीएफओओ (DBFOO) मॉडल के अंतर्गत प्रतिस्पर्धात्मक बोली (TBCB) के माध्यम से 4,000 मेगावाट दीर्घकालीन ताप विद्युत क्रय किया गया है।
63 हजार से अधिक जनजातीय परिवारों को विद्युतीकरण का लाभ
ऊर्जा सचिव ने कहा कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कृष्ट अभियान के अंतर्गत प्रदेश में 63 हजार से अधिक जनजातीय समुदाय के नागरिकों को आवास गृह के विद्युतीकरण का लाभ दिलवाया गया। प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जन-मन) के अंतर्गत प्रदेश में विशेष पिछड़ी जनजाति बैगा, सहरिया और भारिया समुदाय के 28 हजार से अधिक घरों में विद्युतीकरण किया गया है।
पावर एक्सचेंज से 2,009 करोड़ रुपए की अतिशेष बिजली का विक्रय
विशेष गढ़पाले ने बताया कि वर्ष 2025-26 में पावर एक्सचेंज के माध्यम से 2,009 करोड़ रुपए की अतिशेष विद्युत का विक्रय किया गया। वित्तीय वर्ष 2026-27 में जुलाई 2026 तक पावर एक्सचेंज के माध्यम से लगभग 506 करोड़ रुपए की अतिशेष बिजली का विक्रय किया गया। आगामी रबी सीजन में कृषि कार्य हेतु शीर्ष मांग की आपूर्ति के लिए इस वर्ष जुलाई तक लगभग 1,823 मिलियन यूनिट बिजली की बैंकिंग अन्य प्रदेशों से की गई है। मध्यप्रदेश को यह बिजली रबी सीजन के दौरान प्रीमियम के साथ मिलेगी।
प्रधानमंत्री कुसुम योजना एवं सूर्य मित्र कृषि फीडर्स योजना के अंतर्गत अप्रैल 2025 से अभी तक 4,885 मेगावाट के कुल 1,010 पावर परचेस एग्रीमेंट (पीपीए) सफलतापूर्वक निष्पादित किए गए हैं।
सतपुड़ा और अमरकंटक में 660-660 मेगावाट की नई यूनिट
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी के ताप विद्युत गृहों ने वित्तीय वर्ष 2024-25 में इतिहास में सर्वाधिक 28,789.8 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया। इसी वित्तीय वर्ष में एमपी जेनको के ताप विद्युत गृहों ने 10 बार 100 से अधिक दिनों तक लगातार विद्युत उत्पादन करने का कीर्तिमान बनाया। वित्तीय वर्ष 2025-26 में कंपनी ने कुल 29,201.45 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन किया। इस दौरान इतिहास में अब तक की न्यूनतम 69 ट्रिपिंग दर्ज हुई।
प्रदेश में विद्युत की बढ़ती मांग को देखते हुए एमपी जेनको द्वारा अमरकंटक ताप विद्युत गृह और सतपुड़ा ताप विद्युत गृह में 660-660 मेगावाट की एक-एक ताप विद्युत यूनिट स्थापित की जा रही है। अमरकंटक ताप विद्युत यूनिट की अनुमानित लागत 11,476 करोड़ रुपए तथा सतपुड़ा ताप विद्युत यूनिट की अनुमानित लागत 11,678 करोड़ रुपए है। इन परियोजनाओं से उत्पादित बिजली का लाभ प्रदेश को वित्तीय वर्ष 2030-31 से प्राप्त होना संभावित है।
मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी पारंपरिक ऊर्जा के साथ अब गैर-पारंपरिक ऊर्जा उत्पादन की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है। एमपी जेनको प्रदेश में 110 मेगावाट क्षमता की सौर ऊर्जा परियोजनाओं की स्थापना करेगी।
एमपी ट्रांसको ने 1 लाख 756 मिलियन यूनिट बिजली का पारेषण किया
विशेष गढ़पाले ने कहा कि एमपी ट्रांसको ने ट्रांसमिशन लॉसेस को मध्यप्रदेश विद्युत नियामक आयोग के निर्धारित लक्ष्य 2.74 प्रतिशत के मुकाबले 2.60 प्रतिशत तक सीमित रखा। एमपी ट्रांसको ने 98 प्रतिशत के निर्धारित मापदंड की तुलना में 99.52 प्रतिशत पारेषण प्रणाली की उपलब्धता अर्जित की।
एमपी ट्रांसको ने पिछले वित्तीय वर्ष में तमाम चुनौतियों के बावजूद 1 लाख 756 मिलियन यूनिट बिजली का पारेषण किया। वर्तमान में 13,000 ट्रांसमिशन टावरों की ड्रोन से पेट्रोलिंग की जा रही है। एमपी ट्रांसको ने प्रथम चरण में 10,761 एवं द्वितीय चरण में 11,060, इस तरह कुल 21,821 फाइबर-पेयर किलोमीटर नेटवर्क निजी कंपनियों को लीज पर उपलब्ध कराया है, जिससे कंपनी को अतिरिक्त आय प्राप्त हो रही है।
हाल ही में मध्यप्रदेश के स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (एसएलडीसी) ने अंतरराष्ट्रीय सर्टिफिकेशन हासिल किया है। पावर सेक्टर की इस उपलब्धि से प्रदेश की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है।
प्रदेश में 40 लाख से अधिक घरेलू स्मार्ट मीटर लगाए गए
प्रदेश की तीनों डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियां उपभोक्ताओं को सतत एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली सप्लाई करने के लिए प्रयासरत हैं। तीनों डिस्कॉम के माध्यम से प्रदेश में 1 करोड़ 34 लाख घरेलू स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं। अब तक 40 लाख से अधिक घरेलू स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं।
तीनों डिस्कॉम ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में 32,831.45 करोड़ रुपए की राजस्व वसूली की, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में 5.69 प्रतिशत अधिक है। मध्यप्रदेश सरकार की समाधान योजना 2025-26 में तीनों डिस्कॉम के 29 लाख 81 हजार बिजली उपभोक्ताओं ने लाभ लिया। इस योजना का लाभ लेने वाले बिजली उपभोक्ताओं का 473 करोड़ 39 लाख रुपए का सरचार्ज माफ किया गया।
नियामक बदलावों और लक्ष्य निर्धारण के लिए आंतरिक पहल के रूप में ‘संवाद’ (SAMVAAD) त्रैमासिक एक-दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है। 3 अगस्त 2026 को प्रथम संवाद कार्यशाला सफलतापूर्वक आयोजित की गई। तीनों डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों ने वर्तमान वित्त वर्ष के साथ-साथ अगले तीन वर्षों के लिए अपने लक्ष्य तय किए हैं।
विद्युत कंपनियों में 9 हजार से अधिक कार्मिकों को मिली पदोन्नति
मुख्य अतिथि विशेष गढ़पाले ने कहा कि बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के साथ सरकार और बिजली कंपनियों ने उसके आधार स्तंभ कार्मिकों के कैरियर, स्वास्थ्य, आर्थिक सुरक्षा और सुरक्षित कार्य वातावरण को भी प्राथमिकता दी है। नौ वर्षों से लंबित पदोन्नति का रास्ता खुलने से विद्युत कंपनियों के 9 हजार से अधिक अभियंताओं एवं कार्मिकों को पदोन्नत किया गया।
कंपनी द्वारा नियुक्त लाइन कर्मचारियों की आयु 55 से बढ़ाकर 62 वर्ष करना, संविदा कार्मिकों के वेतन में 4.46 प्रतिशत वृद्धि, संविदा कार्मिकों को नियमित करने की प्रक्रिया, संविदा आधार पर अनुकंपा में नियुक्त कार्मिकों को नियमित करना, कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर रोको-टोको विशेष अभियान और समस्त बिजली कंपनियों के कार्मिकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य योजना लागू करना महत्वपूर्ण फैसले हैं। कैशलेस स्वास्थ्य योजना में संविदा कार्मिक और पेंशनरों को भी शामिल किया गया है।
110 विद्युतकर्मी पुरस्कृत
समारोह के मुख्य अतिथि विशेष गढ़पाले ने उत्कृष्ट कार्यनिष्पादन एवं बेहतर प्रदर्शन के लिए पावर मैनेजमेंट कंपनी के 25 और पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के 85 अभियंताओं एवं कार्मिकों को पुरस्कृत किया। वर्ष 2025-26 में न्यूनतम विद्युत दुर्घटना के लिए विदिशा सर्किल को चलित शील्ड प्रदान की गई।
वर्ष भर में खेल एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए श्री सिंगाजी ताप विद्युत परियोजना दोंगलिया, केन्द्रीय कार्यालय जबलपुर एवं अमरकंटक ताप विद्युत गृह चचाई को क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने पर चलित शील्ड प्रदान की गई। एमपी पावर के आठ खिलाड़ियों को अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण प्रतियोगिता में पदक जीतने पर पुरस्कृत किया गया।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
समारोह की परेड का नेतृत्व सुरक्षा निरीक्षक संजय सिंह ने किया। सुरक्षा विभाग के बैंड दल ने रमेश चंद्रावत के नेतृत्व में राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत मधुर धुनों की प्रस्तुति दी। केन्द्रीय क्रीड़ा एवं कला परिषद के बाल कलाकारों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। कार्यक्रम का संचालन जनसम्पर्क अधिकारी पंकज स्वामी ने किया और आभार प्रदर्शन कार्यपालक निदेशक मानव संसाधन एवं प्रशासन फिरोज कुमार मेश्राम ने किया।