
जबलपुर। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शनिवार को केंट विधानसभा क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के अलग-अलग दलों ने क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, राशन दुकानों और छात्रावासों जैसे शासकीय संस्थानों का निरीक्षण किया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर शासकीय योजनाओं और कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की मैदानी स्थिति की जानकारी भी ली।
अभियान में लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक अशोक रोहाणी, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय एवं नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार सहित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सहभागिता की।
रांझी सिविल अस्पताल का किया निरीक्षण
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने रांझी स्थित सिविल अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान श्री सिंह ने अस्पताल के नवीन भवन के निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया।
मंत्री ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की तथा अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं को लेकर अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की गई।
जल शोधन संयंत्र की प्रक्रिया का लिया जायजा
इसके बाद लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने रांझी स्थित जल शोधन संयंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने जल शोधन की प्रक्रिया को देखा और संयंत्र में आने वाली शिकायतों तथा उनके निराकरण की जानकारी अधिकारियों से ली।
मंत्री ने जल की गुणवत्ता की जांच के लिए सैंपल लिए जाने और उनकी जांच की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जल शोधन व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों से संयंत्र की कार्यप्रणाली तथा नागरिकों को उपलब्ध कराए जा रहे पेयजल की गुणवत्ता के संबंध में चर्चा की।
जल गुणवत्ता के सैंपल की जांच समय-सीमा में करने के निर्देश
मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल गुणवत्ता की जांच हेतु लिए जाने वाले सैंपलों की प्रक्रिया को व्यवस्थित और पारदर्शी रखा जाए। सैंपल की जांच समय-सीमा में सुनिश्चित करने के साथ ही इसकी नियमित निगरानी की जाए, ताकि नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध हो सके।
उन्होंने जल गुणवत्ता से संबंधित प्रक्रिया में नियमित निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया, ताकि पेयजल व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों का प्रभावी ढंग से निराकरण किया जा सके।
नागरिकों से संवाद कर जानी स्थानीय समस्याएं
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने क्षेत्र के नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं की जानकारी भी ली। नागरिकों द्वारा बताई गई समस्याओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
अभियान के तहत शासकीय संस्थानों का मैदानी निरीक्षण करने के साथ ही नागरिकों से सीधे संवाद पर जोर दिया गया। इससे क्षेत्र में शासकीय योजनाओं और सेवाओं के क्रियान्वयन की स्थिति तथा स्थानीय स्तर पर नागरिकों की आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की गई।