
हटा। आर्ट ऑफ लिविंग के विस्तार की दिशा में हटा को एक नई आध्यात्मिक सौगात मिली है। बैजनाथ धाम कॉलोनी स्थित नवनिर्मित ‘आनंदम’ में आर्ट ऑफ लिविंग के नवीन केंद्र का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार, गुरु पूजन एवं सत्संग के साथ संपन्न हुआ। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में साधकों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, साधना और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण बना रहा।

वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ गुरु पूजन
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गुरु पूजन के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरुदेव श्रीश्री रविशंकर जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। सामूहिक गुरु पूजन के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो गया और उपस्थित साधकों ने गुरु के प्रति अपनी श्रद्धा एवं समर्पण व्यक्त किया।
गुरु भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
गुरु पूजन के पश्चात भजन-सत्संग का आयोजन किया गया। गुरु महिमा से ओतप्रोत भजनों की मधुर प्रस्तुतियों ने ऐसा समां बांधा कि श्रद्धालु भक्ति में लीन होकर झूम उठे। पूरे कार्यक्रम में आध्यात्मिक उल्लास और आनंद का वातावरण बना रहा।
सुदर्शन क्रिया तनावमुक्त और स्वस्थ जीवन का प्रभावी माध्यम : आशीष भैया
आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षक आशीष भैया ने कहा कि आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली में मानसिक स्वास्थ्य सबसे बड़ी चुनौती बन गया है। ऐसे समय में सुदर्शन क्रिया मन, शरीर और भावनाओं के संतुलन का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित सुदर्शन क्रिया से तनाव कम होता है, मन शांत रहता है और व्यक्ति के भीतर सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह केवल श्वास तकनीक नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और आनंदमय जीवन जीने की एक प्रभावी जीवनशैली है।
नियमित योग, ध्यान और ज्ञान सत्र होंगे आयोजित
कार्यक्रम में बताया गया कि बैजनाथ धाम कॉलोनी स्थित ‘आनंदम’ केंद्र में नियमित रूप से योग, प्राणायाम, ध्यान, सुदर्शन क्रिया, सत्संग एवं ज्ञान सत्र आयोजित किए जाएंगे। इससे हटा एवं आसपास के क्षेत्र के लोगों को आध्यात्मिक साधना, मानसिक शांति और तनावमुक्त जीवन की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
इको-फ्रेंडली आयोजन का दिया संदेश
उद्घाटन समारोह में पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। जनपद अध्यक्ष एवं आर्ट ऑफ लिविंग के वरिष्ठ स्वयंसेवक गंगाराम पटेल ने कार्यक्रम के लिए स्टील के बर्तन उपलब्ध कराकर इको-फ्रेंडली आयोजन की प्रेरणा दी। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना की।
बड़ी संख्या में साधक एवं अतिथि रहे उपस्थित
इस अवसर पर जबलपुर से स्टेट कोऑर्डिनेटर (टीचर्स) नवीन बरसैयां, मनीषा परमार, बीनल परमार, दमोह से संस्था के शिक्षक अतुल चौबे, डॉ. रामेश्वर पटेल, आशुतोष सुहाने, वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं हटा जनपद अध्यक्ष गंगाराम पटेल, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष एवं वरिष्ठ स्वयंसेवक शिवचरण पटेल, राज बहादुर पटेल, उदय भान पटेल, गौरव सिंघई, शरद अठया, आयुषी रितिक गुप्ता, सुरेंद्र अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, अभिषेक सुहाने, राहुल ज्योतिषी, हर्षित उपाध्याय, अंशिका सुहाने, शाश्वत सुहाने, शोभित फौजदार, भागवत असाटी, सचिन सेन, राकेश राय, संदीप राय सहित बड़ी संख्या में साधक एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नवीन केंद्र के शुभारंभ को हटा क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण आध्यात्मिक पहल बताया।