जबलपुर में भाजपा की नगर कार्यकारिणी तय, घोषणा अटकी

संघ की बैठक के बीच नाराज कार्यकर्ताओं के विरोध न झेलना पड़े

जबलपुर। जबलपुर में अभी तक भाजपा की कार्यकारिणी तय नहीं हो सकी है। कार्यकर्ता नगर कार्यकारिणी का इंतजार कर रहे हैं। इंदौर-भोपाल में भाजपा की कार्यकारिणी तय हो चुकी है लेकिन वहां विरोध भी तेज है। शहर में भी कार्यकारिणी में शामिल होने के लिए दावेदारों में स्पर्धा बनी हुई है। संगठन ने कार्यकारिणी के नाम तय कर लिए है लेकिन घोषणा में बिलंब किया जा रहा है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक होने की वजह से फिलहाल घोषणा नहीं हो रही है। कई जनप्रतिनिधि बिहार चुनाव में भी व्यस्त हैं इसे भी वजह बताया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार संगठन ने सारे पद पर कार्यकर्ताओं का चयन कर लिया है। हर कार्यकर्ताओं को व्यक्तिगत रूप से बाचतीत कर उन्हें इशारा भी हो चुका है अब सिर्फ औचपारिकता होनी बाकी है। जिनके नाम दौड़ से बाहर हुए हैं उन्हें भी अपरोक्ष तरीके से जानकारी पहुंच चुकी है। संगठन फिलहाल संघ के शीर्ष नेतृत्व के शहर में होने की वजह से कोई भी विवादित निर्णय लेने से बच रहा है।

महामंत्री का विवाद थमा- पहले भाजपा की कार्यकारिणी में महामंत्री के पद को लेकर जमकर खींचतान मची थी। जो विधायक विरोध कर रहे थे उनका कहना था कि उनकी विधानसभा से जिसे भी जिम्मेदारी मिले उस पर उनकी सहमति जरूरी है। दो विधानसभा से ऐसा नहीं था जिस वजह से आपत्ति लगी हुई थी। उत्तर विधानसभा क्षेत्र से विधायक की पसंद के इतर पदाधिकारी का नाम सूची में था जिस पर असहमति बनी। वहीं कैंट विधानसभा क्षेत्र में भी ऐसा ही था। हालांकि संगठन ने सभी जनप्रतिनिधियों के साथ रायशुमारी कर संतुलन बना लिया है। हर जनप्रतिनिधि की पसंद का सूची में ख्याल रखा गया है इसके अलावा संगठन की पसंद को भी तवज्जो दी गई है।

Back to top button