भोपाल में कांग्रेस की महाचौपाल: राहुल बोले – यदि पीएम पर दबाव नहीं तो डील रद्द करके दिखाएं

भोपाल। कांग्रेस ने भोपाल में किसान महाचौपाल आयोजित कर भारत-अमेरिका ट्रेड डील को किसान विरोधी बताते हुए राष्ट्रव्यापी विरोध का शंखनाद किया। महाचौपाल में लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद थे। राहुल गांधी ने डील को देश विरोधी बताते हुए कहा कि यदि प्रधानमंत्री पर किसी प्रकार का दबाव नहीं है तो वे इस डील को रद्द करके दिखाएं। कई देशों ने अमेरिकी डील रद्द की है। कांग्रेस का भोपाल में यह बड़ा प्रदर्शन था।

राहुल ने ये कहा

किसान महाचौपाल में राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री ने कैबिनेट को अंधेरे में रखकर यह समझौता किया। उन्होंने कहा कि इस डील के बारे में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह को भी डील की शर्तों के बारे में जानकारी नहीं थी। राहुल गांधी ने कहा कि अमेरिका में एपस्टीन की फाइलें बंद पड़ी हैं।

केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का नाम बताकर यह संदेश दिया गया है कि हमारी नहीं सुनी तो फाइल निकलेगी। इसी तरह अदाणी को लेकर भी डर है। इसलिए यह डील डर के कारण की गई है। यह डील किसानों के दिल में कील की तरह है। इस समझौते ने किसान और टेक्सटाइल उद्योग को खत्म किया है। हमारा डेटा दिया जो 21वीं सदी की ताकत है। राहुल गांधी ने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ कि सदन में नेता प्रतिपक्ष को बोलने नहीं दिया गया है। मैंने पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे की किताब में लिखी बात उठाई लेकिन मुझे बोलने नहीं दिया गया।

खरगे ने ये कहा

मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि अमेरिका के दबाव में निर्णय किए जा रहे हैं। अमेरिका से यह डील हमें मंजूर नहीं है। किसानों की रोटी, भारत के डेटा, संप्रभुता पर हमला हमें मंजूर नहीं है। इस डील को रद्द करना होगा।

Back to top button