सीएम बने नायक- सीधी कलेक्टर, गुना एसपी को हटाया, सीईओ को किया निलंबित

भोपाल। मध्यप्रदेश के सीएम डॉ. मोहन यादव रविवार को नायक फिल्म के किरदार सदृश एक्शन में नजर आए। सीएम मिर्जापुर से रीवा के रास्ते भोपाल आ रहे थे, तभी अचानक प्रोग्राम बदलकर सीधी के सर्किट हाउस पहुंच गए। वहां पहुंचते ही जनता और जनप्रतिनिधियों से पौन घंटे चर्चा की और तत्काल ही निर्णय लेकर सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी को पद से हटा दिया। सीएम ने जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ पीएस धनवाल को निलंबित करने के निर्देश दिए। वे यहीं नहीं रुके, उन्होंने गुना में गुजरात के कारोबारी की कार से एक करोड़ रुपए मिलने के बाद 20 लाख रुपए लेकर छोड़ने के मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकित सोनी को हटा दिया। सीएम के निर्देश पर गृह विभाग ने एसपी अंकित सोनी को हटा दिया।

इसलिए हटाया कलेक्टर को

सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के बारे में जनता और जनप्रतिनिधियों की शिकायत थी कि वे कार्यालय में नहीं बैठते, लोगों से नहीं मिलते। जनप्रतिनिधियों के फोन नहीं उठाते। सीएम ने उनकी जगह 2013 बैच के विकास मिश्रा को नया कलेक्टर बनाया है।

गुना कैश कांड की जांच सौंपी गई

गुना कैश कांड की जांच आईपीएस आयुष जाखड़ को सौंपी गई है। वे तीन दिन में रिपोर्ट देंगे। गुना में नया एसपी हितिका वासल को नियुक्त किया गया है।

सीईओ इसलिए निलंबित

जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के सीईओ पीएस धनवाल के खिलाफ शिकायतें सीएम तक पहुंची थीं। इन शिकायतों के कारण सीएम ने पीएस धनवाल को निलंबित किया।

नाराज दिखे सीएम

सीधी पहुंचने के बाद सीएम डॉ. मोहन यादव ने सर्किट हाउस में सांसद राजेश मिश्रा, विधायक रीती पाठक, सिंहावल विधायक विश्वामित्र पाठक, जिलाध्यक्ष देव कुमार सिंह से बातचीत की। इसके बाद सीएम नाराज दिखे। सीएम ने बताया कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों, विभिन्न विभागों की समीक्षा और फीडबैक के आधार पर कलेक्टर सोमवंशी को तत्काल प्रभाव से हटाया गया है।

Back to top button