
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश में मौत का सिरप कोल्ड्रिफ कफ सिरप से मंगलवार को दो और बच्चों की मौत हो गई। परासिया के रिधौरा में रहने वाले इन बच्चों की उम्र 2 वर्ष है। इस तरह सिरप के सेवन से अब तक 19 बच्चों की मौत हो चुकी है। वहीं उप मुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने बुधवार को छिंदवाड़ा में बैठक ली। वे मंगलवार की रात छिंदवाड़ा पहुंचे और अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती बच्चों से मिले इसके अलावा पीडि़त परिवारों से मुलाकात की।
स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने बुधवार को छिंदवाड़ा में कलेक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में दवाओं की लैब टेस्टिंग पर भी चर्चा हुई। स्वास्थ्य मंत्री ने आइएमए के पदाधिकारियों से कहा कि वे हड़ताल पर न जाएं। आइएमए जिला अध्यक्ष डॉ अल्पना शुक्ला ने बताया कि इस बारे में कार्याकारिणी में आइएमए विचार करेगा। जिला औषधि विक्रेता संघ ने स्वास्थ्य मंत्री से कहा कि हम दूसरी कंपनियों के सिरप भी नहीं बेच पा रहे हैं। इस पर शासन से गाइड लाइन जारी होनी चाहिए।
सीएम ने निर्देश जारी किए
मंगलवार को सीएम डॉ मोहन यादव ने निर्देश जारी किए हैं कि दूषित कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से किडनी संक्रमण से पीडि़त छिंदवाड़ा के 07 और बैतूल के 02 कुल 09 बच्चे नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में उपचाररत हैं। इन बच्चों के इलाज का पूरा व्यय राज्य शासन द्वारा वहन किया जा रहा है। इलाज की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारी और डॉक्टर्स की संयुक्त टीम की तैनाती नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में की गई है। उक्त टीम द्वारा प्रभावित परिवारों और अस्पतालों के साथ सतत संपर्क में रहकर बच्चों के इलाज के लए समुचित व्यवस्था की जा रही है। सीएम ने कमिश्नर- कलेक्टर कॉन्फ्रेंस में कहा कि कमजोर स्वास्थ्य सुविधाएं मंजूर नहीं हैं। जब तक सुधार न हो तब तक पूरा कराने में जुट जाएं।
नए ड्रग कंट्रोलर ने दवाओं की जांच शुरू कराई
नए ड्रग कंट्रोलर दिनेश श्रीवास्तव ने प्रदेश में कोल्ड्रिफ कफ सिरप और प्रतिबंधित कॉम्बिनेशन वाली दवाओं की जांच शुरू करा दी है।उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री की जाने पर तुरंत कार्रवाई की होगी।
राष्ट्रीय मानवधिकार आयोग ने जवाब मांगा
राष्ट्रीय मानवधिकार आयोग ने मप्र, राजस्थान के स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिवों को कफ सिरप पीने से बच्चों की मौत के मामले में नोटिस भेजा है। और जवाब मांगा है।