मप्र में मौत का कोल्ड्रिफ सिरप मामला- सीएम पीडि़त परिवारों से मिले, ड्रग कंट्रोलर को हटाया

तीन अधिकारियों को किया निलंबित

भोपाल। मप्र के छिंदवाड़ा जिले और बैतूल में कोल्ड्रिफ सिरप के पीने से 16 बच्‍चों की मौत हुई। इस मामले में मप्र के ड्रग कंट्रोलर दिनेश मोर्य को हटा दिया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने उप औषधि नियंत्रक एवं नियंत्रण प्राधिकारी, औषधि प्रशासन भोपाल शोभित कोष्‍टा , छिंदवाड़ा के औषधि निरीक्षक गौरव शर्मा और जबलपुर के औषधि निरीक्षक शरद जैन को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। मप्र के मुख्‍यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोमवार को पीडि़त परिवारों से मुलाकात की और कहा कि जोभी दोषी हैं उस पर कार्रवाई होगी।

ये एक्‍शन पहले लिया गया

सिरप बनाने वाली कंपनी श्रीसन फार्मास्‍यूटिकल्‍स और सिरप लिखने वाले डॉक्‍टर प्रवीण सोनी पर एफआइआर की गई है। रविवार को डॉ सोनी को गिरफ्तार कर निलंबित किया गया। डॉ सोनी सरकारी डॉक्‍टर हैं और निजी क्‍लीनिक भी चलाते थे। निलंबन के दौरान उनको क्षेत्रीय संचालक स्‍वास्‍थ्‍य सेवाएं जबलपुर अटैच किया गया है। इस मामले की जांच के लिए एसआइटी गठित की गई है। टीम में ड्रग इंस्‍पेक्‍टर व प्रशासनिक अधिकारी होंगे। यह टीम जांच के लिए तमिलनाडु जा सकती है।

जबलपुर में एक्‍शन

जबलपुर में कटारिया फार्मा को सील कर दिया गया है। स्‍वास्‍थ्‍य विभाग और प्रशासन की टीम ने रविवार को कटारिया फार्मा सील किया। सीएमएचओ डॉ संजय मिश्रा का कहना है कि कटारिया फार्मा के पास कोल्ड्रिफ सिरप की 660 बोतलें थीं जिनमें 594 बोतलें छिंदवाड़ा सप्‍लाई की गई। 66 बोतलें बची थीं। इनमें से 16 बोतलें सैंपल जांच के लिए लैब भेजी गईं थीं जोकि अमानक निकलीं। सिरप की 50 बोतलें कटारिया फार्मा के पास थीं जिनको सील कर दिया गया।

शव निकालकर पोस्‍टमार्टम

छिंदवाड़ा में बच्‍चों की मौत के बाद देर से प्रशासन जागा। परासिया की दो साल की बच्‍ची का अंतिम संस्‍कार शनिवार को कर दिया गया था। उसका शव गड्ढे से निकालकर पोस्‍टमार्टम किया गया गया।

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य सचिव ने बैठक ली

केंद्रीय स्‍वास्‍थ्‍य सचिव पुण्‍या सलिला श्रीवास्‍तव ने मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों के स्‍वास्‍थ्‍य अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में निर्देष दिए गए कि सभी दवा निर्माता संशोधित शेड्यूल – एम का पालन करें। पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई की जाए। बच्‍चों की खांसी की दवाओं के उपयोग पर ध्‍यान रखा जाए।

उप्र और उत्‍तराखंड में कोल्ड्रिफ सिरप पर रोक

उत्‍तराखंड सरकार ने कोल्ड्रिफ सिरप और डेक्‍सट्रोमेथोफेन कफ सिरप की बिक्री पर रोक लगा दी है। उत्‍तरप्रदेश में कोल्ड्रिफ की बिक्री पर रोक लगा दी है और उसके सैंपल की जांच के आदेश दिए हैं।

Back to top button