जर्मनी के CTO विशेषज्ञ डॉ. जेराल्ड वर्नर का जबलपुर में स्वागत, जटिल हृदय रोगियों का सफल उपचार

जबलपुर। गोल्डन हार्ट हॉस्पिटल में आयोजित प्रदेश के प्रथम उन्नत CTO (क्रॉनिक टोटल ऑक्लूज़न) प्रशिक्षण एवं उपचार सम्मेलन में जर्मनी के विश्वविख्यात इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट एवं CTO विशेषज्ञ प्रो. डॉ. जेराल्ड वर्नर के आगमन पर उनका भव्य स्वागत किया गया।

विशेषज्ञ का हुआ आत्मीय स्वागत

जर्मनी से जबलपुर पहुंचे प्रो. डॉ. जेराल्ड वर्नर का गोल्डन हार्ट हॉस्पिटल के डायरेक्टर एवं वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. पुष्पराज पटेल ने आत्मीय स्वागत कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उपस्थित चिकित्सकों ने भी उनका अभिनंदन करते हुए कार्यक्रम की सफलता की शुभकामनाएं दीं।

देश-विदेश के विशेषज्ञों ने लिया प्रशिक्षण

इस अवसर पर मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर सहित विदर्भ क्षेत्र के नागपुर एवं अन्य शहरों से बड़ी संख्या में हृदय रोग विशेषज्ञ (कार्डियोलॉजिस्ट) जबलपुर पहुंचे। सभी विशेषज्ञों ने CTO जैसी जटिल हृदय धमनियों की रुकावटों के उपचार में उपयोग की जाने वाली नवीनतम तकनीकों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।

जटिल मरीजों का सफल उपचार

गोल्डन हार्ट हॉस्पिटल में CTO मरीजों का सफल उपचार किया गया। इन मरीजों की हृदय धमनियां लंबे समय से पूर्ण रूप से अवरुद्ध थीं, जिनका उपचार सामान्य एंजियोप्लास्टी अथवा बायपास सर्जरी से अत्यंत चुनौतीपूर्ण माना जाता है। प्रो. डॉ. जेराल्ड वर्नर एवं डॉ. पुष्पराज पटेल के नेतृत्व में विशेषज्ञ टीम ने उन्नत तकनीकों का उपयोग करते हुए सफल प्रक्रियाएं संपन्न कीं।

अंतरराष्ट्रीय स्तर की वैज्ञानिक चर्चा

सम्मेलन के शैक्षणिक सत्र एवं वैज्ञानिक चर्चाएं अशोका होटल, जबलपुर में आयोजित की गईं, जहां देश-विदेश के विशेषज्ञों ने CTO उपचार की आधुनिक तकनीकों, जटिल मामलों के प्रबंधन तथा नवीन शोध विषयों पर विस्तृत जानकारी साझा की। कार्यक्रम में डॉ. दिलीप तिवारी, डॉ. के. एल. उमा महेश्वर, डॉ. नवीन शर्मा, डॉ. हर्षा रेड्डी, डॉ. अनिमेश गुप्ता, डॉ. वी. डी. त्रिपाठी, डॉ. वंदना माली, डॉ. क्षितिज, डॉ. अमित किनारे, डॉ. सुदीप चौधरी, डॉ. सुनील जैन, डॉ अंजनेय मिश्रा, डॉ. राहुल अशोकराव दारनुले एवं डॉ. सचिन गवंडे सहित अनेक वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।

विशेषज्ञों ने तकनीकी प्रगति पर दिया जोर

प्रो. डॉ. जेराल्ड वर्नर ने कहा कि CTO उपचार के क्षेत्र में निरंतर नई तकनीकों का विकास हो रहा है और इन तकनीकों के माध्यम से ऐसे मरीजों का भी सफल उपचार संभव है, जिनके लिए पहले सीमित विकल्प उपलब्ध होते थे। उन्होंने भारत के चिकित्सकों की दक्षता एवं समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम मरीजों को विश्वस्तरीय उपचार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जबलपुर के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि

डॉ. पुष्पराज पटेल ने बताया कि जबलपुर एवं महाकौशल क्षेत्र में पहली बार इस स्तर का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया है। इससे प्रदेश एवं विदर्भ क्षेत्र के कार्डियोलॉजिस्टों को अत्याधुनिक तकनीकों का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण प्राप्त हुआ है, जिसका लाभ भविष्य में हजारों हृदय रोगियों को मिलेगा।

यह सम्मेलन चिकित्सा शिक्षा, कौशल विकास एवं उन्नत हृदय रोग उपचार के क्षेत्र में जबलपुर के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

Back to top button