
पन्ना। वर्ष 2025 में पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू द्वारा पन्ना जिले में लोगों के साथ हो रही ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस सायबर सेल टीम पन्ना को उक्त शिकायतों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक पन्ना के निर्देशों का पालन करते हुए सायबर सेल पन्ना द्वारा वर्ष 2025 में अलग-अलग शिकायतों में आवेदकों के साथ हुई धोखाधड़ी से आहरित राशि में से 01 करोड़ 13 लाख 68 हजार 198 रुपये आवेदकों के बैंक खातों में वापस कराए गए हैं।
वर्ष 2025 में ऑनलाइन फ्रॉड के मामलों में 40 से अधिक आरोपियों को विभिन्न राज्यों से गिरफ्तार किया गया है।
NCRP पोर्टल के माध्यम से 1122 म्यूल बैंक खातों को कराया गया फ्रीज
सायबर सेल टीम द्वारा फ्रॉड में इस्तेमाल किए गए अलग-अलग व्यक्तियों के 1122 म्यूल बैंक खातों में होल्ड लगवाकर करीब 08 करोड़ रुपये की राशि फ्रीज कराई गई है। संबंधित शिकायतों में आगे की वैधानिक कार्यवाही निरंतर जारी है।
सायबर अपराधों से बचाव हेतु जागरूकता अभियान
सायबर सेल पन्ना द्वारा समय-समय पर आम नागरिकों को जागरूक करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया के माध्यम से एडवाइजरी जारी कर प्रेषित की जाती है। पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा मीडिया के माध्यम से आमजन से सायबर अपराधों से बचाव हेतु सतर्क एवं जागरूक रहने की अपील की गई है।
यदि किसी भी व्यक्ति के साथ सायबर ठगी होती है, तो वह समय पर अपने नजदीकी पुलिस थाना में सूचना दे, जिससे तत्काल वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की जा सके।
सराहनीय योगदान एवं पुरस्कार की घोषणा
आवेदकों के खातों से फर्जी तरीके से आहरित राशि को वापस कराने में सायबर सेल टीम के प्र.आर. राहुल सिंह बघेल, आशीष अवस्थी, धर्मेन्द्र सिंह राजावत, आर. राहुल पाण्डेय, नितिन एवं उपेन्द्र का सराहनीय योगदान रहा है। सायबर सेल टीम को उत्कृष्ट कार्य हेतु पुलिस अधीक्षक पन्ना द्वारा पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा