
भोपाल/पटना। दतिया और बांकीपुर में उपचुनाव होना है। यह उपचुनाव भाजपा के लिए चुनौती बन गया है। दतिया से पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कट जाने के बाद वहां सियासी तूफान आ गया है। दतिया से आशुतोष तिवारी को टिकट दिया गया है। वे संघ से जुड़े हुए हैं। वहीं कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को टिकट दिया है। भाजपा दतिया में डैमेज कंट्रोल में जुटी हुई है।
वहीं कांग्रेस इसे भुनाने की कोशिश में लगी हुई है। वहीं बांकीपुर में नितिन नबीन की सीट खाली होने के बाद वहां उपचुनाव हो रहे हैं। बांकीपुर से जनसुराज पार्टी के प्रशांत किशोर भाजपा के लिए चुनौती पेश कर रहे हैं। नितिन नबीन बांकीपुर से पांच बार के विधायक रह चुके हैं।
दतिया में बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
दतिया में इन दिनों राजनीति गर्म है। वहां नरोत्तम मिश्रा के समर्थक नाराज चल रहे हैं। नरोत्तम मिश्रा दिल्ली भी गए थे। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात की, लेकिन उनके पक्ष में कोई निर्णय नहीं हुआ। नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि वे भाजपा में जन्में हैं और वहीं रहेंगे।
भाजपा ने शुरू किया डैमेज कंट्रोल
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी महेंद्र सिंह और डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा दतिया पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ करीब पांच घंटे तक बैठक कर संगठन को एकजुट करने का प्रयास किया। हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जिस तरह उन्होंने नरोत्तम मिश्रा के लिए समर्पण भाव से कार्य किया, उसी प्रकार आशुतोष तिवारी के लिए भी पूरी निष्ठा के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि संगठन सभी कार्यकर्ताओं की भावनाओं का सम्मान करता है।
नामांकन में शामिल होंगे नरोत्तम मिश्रा
नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि सोमवार को आशुतोष तिवारी के नामांकन के दौरान वे स्वयं भी उपस्थित रहेंगे। इसे भाजपा के भीतर एकजुटता का संदेश देने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।