
धुरंधर का दूसरा पार्ट ‘धुरंधर द रिवेंज’ देखने के लिए दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के शो देखने के लिए लोग सुबह 5 बजे से ही मल्टीप्लेक्स के बाहर कतार में लग रहे हैं। सिनेमाघरों में 24×7 शो चलाए जा रहे हैं और लगभग सभी शो हाउसफुल जा रहे हैं।
पहले दिन 100 करोड़ से अधिक की कमाई
फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन 100 करोड़ से अधिक की कमाई कर शानदार शुरुआत की है। ट्रेड पोर्टल सेकनिल्क के अनुसार, गुरुवार को रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 102.55 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया। यह भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक मानी जा रही है।
पहले पार्ट ने भी बनाए थे रिकॉर्ड
धुरंधर का पहला पार्ट पिछले साल रिलीज हुआ था, जिसने बॉक्स ऑफिस पर 1300 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की थी। अब इसके दूसरे पार्ट ने भी रिलीज के साथ ही कमाई के नए रिकॉर्ड बनाना शुरू कर दिया है।
वीकेंड के शो पहले से ही फुल
रिकॉर्ड ओपनिंग के बाद शनिवार और रविवार के शो भी पहले से ही हाउसफुल बताए जा रहे हैं। दर्शकों की भारी मांग को देखते हुए सिनेमाघरों में अतिरिक्त शो भी जोड़े जा रहे हैं।
डायरेक्शन और तुलना
इस फिल्म का निर्देशन आदित्य धर ने किया है। फिल्म की ओपनिंग को देखते हुए इसे बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों में शामिल माना जा रहा है। इससे पहले ‘पुष्पा-2 द रूल’ के नाम पहले वीकेंड पर सबसे अधिक कमाई का रिकॉर्ड दर्ज है।