
पन्ना। जिले के देवेन्द्रनगर थाना क्षेत्र में गड़ा धन (सोना) निकालने का झांसा देकर 6 लाख 81 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक पन्ना निवेदिता नायडू के निर्देशन में की गई।
पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र के नाम पर रची ठगी की साजिश
फरियादी आनंद सिंह घोषी पिता शिव सिंह घोषी उम्र 26 वर्ष निवासी ग्राम सकरिया, थाना देवेन्द्रनगर, जिला पन्ना ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि तीन व्यक्तियों ने झारखंडन माता मंदिर क्षेत्र में गड़ा धन होने का लालच दिया। आरोपियों ने पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और गुप्त दान के नाम पर डराया कि पूजा नहीं कराने पर अनहोनी हो सकती है।
आरोपियों ने अंधविश्वास का लाभ उठाते हुए फरियादी और उसके साथियों को विभिन्न चरणों में मैहर और अजमेर (राजस्थान) ले जाकर पूजा, गुप्त दान और अन्य खर्चों के नाम पर कुल 6,81,000 रुपये ठग लिए।
अजमेर और पुष्कर ले जाकर किया गुप्त दान का नाटक
29 और 30 जनवरी 2026 को तीनों आरोपी फरियादी और उसके साथियों को अजमेर शरीफ दरगाह एवं पुष्कर ले गए, जहां गुप्त दान कराने का नाटक किया गया। इसके बाद झारखंडन रोड पर गड़ा धन निकालने के बहाने सभी को भ्रमित कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
विशेष पुलिस टीम का गठन
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना देवेन्द्रनगर में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पन्ना सुश्री वंदना चौहान एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पन्ना एस.पी. सिंह बघेल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी देवेन्द्रनगर उप निरीक्षक संतोष यादव के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार, नकदी और कार जब्त
पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, जिसके आधार पर नसीम खान, गफ्फार खान और राहुल कुशवाहा को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर तीनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस द्वारा आरोपियों के कब्जे से 5 लाख 50 हजार रुपये की धोखाधड़ी की राशि, घटना में प्रयुक्त करीब 13 लाख रुपये कीमत की एक कार और चार मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।
रिपोर्ट: राकेश कुमार शर्मा