
जबलपुर। सीए एसोसिएशन एवं टैक्स बार एसोसिएशन, जबलपुर के सहयोग से, मध्यभारत के अग्रणी टैली पार्टनर पीसी प्लेनेट एवं टैली सॉल्यूशन्स प्रा. लि. के संयुक्त तत्वावधान में “जीएसटी पर परिचर्चा” का आयोजन सोमवार, 23 मार्च 2026 को होटल कृष्णा, भंवरताल गार्डन के सामने, जबलपुर में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ।
दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर शहर के अनेक प्रतिष्ठित चार्टर्ड अकाउंटेंट, कर अधिवक्ता, उद्योगपति एवं व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
विस्तृत जानकारी दी गई
इस विशेष परिचर्चा में Tally Prime 7.0 के नवीन फीचर्स, स्मार्ट बिज़नेस ऑटोमेशन सॉल्यूशन्स तथा अकाउंटिंग एवं टैक्सेशन क्षेत्र में हो रहे आधुनिक तकनीकी नवाचारों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
लाइव डेमो दिया गया
टैली सॉल्यूशन्स के बिजनेस मैनेजर द्वारा टैली के माध्यम से जीएसटी एवं इनकम टैक्स के नियमों का प्रभावी अनुपालन करते हुए सटीक रिटर्न फाइल करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो प्रस्तुत किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने अत्यंत उपयोगी बताया। साथ ही, वरिष्ठ सीए मनोज जैन द्वारा 1 अप्रैल से लागू होने जा रहे इनकम टैक्स के नए नियमों की विस्तृत एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई, जिससे प्रतिभागियों को आगामी परिवर्तनों के प्रति बेहतर तैयारी करने में सहायता मिलेगी।
साथ ही, बदलते परिवेश एवं नई तकनीक के अनुरूप टैली को क्लाउड के साथ किस प्रकार प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सकता है, इस विषय पर पीसी प्लेनेट के निदेशक नितिन जैन द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
इनकी रही उपस्थिति
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सीए अखिलेश जैन (स्वतंत्र निदेशक, गेल इंडिया) एवं प्रमुख रूप से सीए चांदनी आहूजा (अध्यक्ष, सीए एसोसिएशन, जबलपुर), एडवोकेट शिविर नेमा (अध्यक्ष, टैक्स बार एसोसिएशन), वरिष्ठ कर सलाहकार गणेश नारायण पुरोहित, सीए प्रणव अग्रवाल, सीए तरुण पारवानी, सीए कैलाश अग्रवाल, एडवोकेट प्रितपाल सिंह, पंकज अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए पीसी प्लेनेट के निदेशक नितिन जैन ने बताया कि इस प्रकार की परिचर्चाएं व्यवसायों को बदलते कर नियमों के अनुरूप सक्षम, पारदर्शी एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
परिचर्चा ज्ञानवर्धक
यह परिचर्चा संस्कारधानी के चार्टर्ड अकाउंटेंट, टैक्स प्रैक्टिशनर, अकाउंटेंट एवं व्यापारिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक सिद्ध हुई।