
इंदौर/जबलपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2024 में इंदौर फिर देश में नंबर वन पर रहा। इसके साथ ही यह लगातार 8वीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बन गया है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल दूसरे स्थान पर रही। वहीं प्रदेश के उज्जैन, बुधनी, देवास, शाहगंज, जबलपुर और ग्वालियर को भी सम्मानित किया गया है।
इंदौर, उज्जैन एवं बुधनी को सुपर स्वच्छ लीग श्रेणी में, भोपाल, देवास और शाहगंज को राष्ट्रपति पुरस्कार में, जबलपुर को विशेष श्रेणी में तथा ग्वालियर को राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया गया है।
मध्यप्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर ने स्वच्छता में एक बार फिर अपना परचम लहराया है। लगातार आठवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने का गौरव हासिल कर इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी बादशाहत को फिर से सिद्ध कर दिया है। लेकिन अब यह यात्रा और भी चुनौतीपूर्ण होने जा रही है।
स्वच्छता की सुपर लीग में इंदौर फिर अव्वल
दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में इंदौर को सुपर स्वच्छ लीग के अंतर्गत सर्वाधिक अंक प्राप्त करने के लिए सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर इंदौर नगर निगम, प्रशासनिक अधिकारी और पूरे शहर को गर्व है। नगर निगमायुक्त शिवम वर्मा ने बताया कि इस वर्ष 18 सदस्यों की टीम पुरस्कार लेने दिल्ली गई, जिसमें नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, महापौर पुष्यमित्र भार्गव और महापौर परिषद के सदस्य भी शामिल हैं।
सफाई की जिम्मेदारी अब दोहरी
स्वच्छता अभियान के नियमों में इस बार बड़ा बदलाव किया गया है। अब टॉप पर रहने वाले शहरों को सिर्फ खुद को नहीं बल्कि एक बी-श्रेणी वाले शहर को भी स्वच्छता के मामले में ऊपर उठाने की जिम्मेदारी दी जाएगी।
अब मार्गदर्शक की भूमिका में रहेगा इंदौर
इंदौर पहले भी अन्य शहरों को स्वच्छता संबंधी सुझाव और तकनीकी सहायता देता रहा है, लेकिन अब यह भूमिका अधिक औपचारिक और चुनौतीपूर्ण होगी। अगले साल सर्वेक्षण में मेंटर शहर द्वारा चयनित शहर को मिले अंक भी इंदौर की कुल रैंकिंग में जोड़े जाएंगे। यह बदलाव टॉप शहरों के लिए जिम्मेदारी और चुनौती दोनों को बढ़ाता है।
जनता को समर्पित यह सम्मान
नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, “इंदौर ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया कि वह स्वच्छता का सिरमौर है और रहेगा। यह सम्मान शहर के प्रत्येक नागरिक की मेहनत और प्रतिबद्धता का परिणाम है। मैं स्वयं इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बनने कार्यक्रम में उपस्थित रहूंगा।” उन्होंने जनता को बधाई देते हुए कहा कि इंदौर जो ठान लेता है, वह कर के दिखाता है।