फेसबुक विज्ञापन और पार्ट टाइम जॉब के झांसे में न आएं, जबलपुर में साइबर ठगों ने लाखों रुपये उड़ाए

जबलपुर। साइबर फ्रॉड से बचने जागरूकता जरूरी है। अपराधी साइबर फ्रॉड करने के नए-नए तरीके अपना रहे हैं। अधारताल पुलिस ने साइबर ठगी के दो मामले दर्ज किए। अधारताल पुलिस के अनुसार महाराजपुर पटेल नगर निवासी एक वृद्ध ने शिकायत दर्ज कराई है कि उन्होंने फेसबुक पर ड्राइफ्रुट के विज्ञापन को देखा। इसमें बताया गया कि कम कीमत पर ड्राइफ्रुट बेचे जा रहे हैं। व्हाट्सएप के जरिए उन्होंने ऑर्डर किया और यूपीआई के माध्यम से 1,150 रुपये भेज दिए। उसी रात ठगों ने जीएसटी की समस्या बताकर राशि वापस करने का झांसा दिया। उन्होंने मोबाइल पर कुछ निर्देशों का पालन करने को कहा। निर्देशों का पालन करते ही उनके बैंक खाते से 97,454 रुपये निकल गए।

पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर भी ठगी

एक दूसरे मामले में पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर साइबर ठगों ने 1 लाख 69 हजार रुपये ठग लिए। पीड़ित युवक ने शिकायत दर्ज कराई कि व्हाट्सएप कॉल कर उसे घर बैठे पार्ट टाइम नौकरी से अच्छी कमाई का लालच दिया गया। इसके बाद उसे एक टेलीग्राम ग्रुप में जोड़ा गया और टास्क पूरा करने के नाम पर अलग-अलग भुगतान करने के लिए कहा गया। इस दौरान उससे करीब 1 लाख 69 हजार रुपये जमा करा लिए गए, लेकिन न तो निवेश की राशि वापस मिली और न ही कोई लाभ मिला।

पुलिस ने शुरू की जांच

अधारताल पुलिस ने दोनों मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले आकर्षक विज्ञापनों, व्हाट्सएप कॉल, टेलीग्राम ग्रुप और पार्ट टाइम नौकरी के नाम पर मिलने वाले किसी भी ऑफर पर बिना सत्यापन भरोसा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने या ऑनलाइन भुगतान करने से पहले पूरी जांच अवश्य करें।

Back to top button