Cyber ​​Fraud: रील देखते-देखते मोबाइल हुआ हैक, युवक के खाते से उड़ गए पौने तीन लाख रुपये

जबलपुर। साइबर फ्राड लगातार बढ़ते जा रहे हैं। इससे आमजन ठगी का शिकार हो रहे हैं। रील देख रहे एक युवक का मोबाइल हैक करके पौने तीन लाख रुपए की ठगी का एक मामला पुलिस के सामने आया है वहीं लिंक भेजकर युवती के खाते से 40 हजार रुपए उड़ाने की रिपोर्ट भी पीड़ित ने दर्ज कराई है। इसी तरह से वर्क लोन के नाम पर भी ठगी की शिकायत पुलिस के पास पहुंची है। पुलिस का कहना है कि जागरूकता की जरूरत है तभी साइबर ठगी से बचाव संभव है।

रील देखते ही मोबाइल हुआ हैक

गोरखपुर पुलिस के अनुसार एक युवक अपने मोबाइल पर रील देख रहा था। उसी वक्त उसने एक एप डाउनलोड किया। जिसके बाद उसका मोबाइल हैक हो गया और साइबर ठगों ने उसके खाते से पौने तीन लाख रुपए उड़ा लिए।

लिंक क्लिक करते ही खाते से उड़े रुपये

इसी तरह से गोरखपुर थाना क्षेत्र निवासी 61 वर्षीय वृद्ध ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उनके व्हाट्सएप पर एक लिंक आई, जिसे क्लिक करने पर उनसे आधार कार्ड और डेबिट कार्ड की जानकारियां मांगी गईं। वे जानकारियां भर रहे थे तभी उनके खाते से एक लाख 39 हजार रुपए दूसरे अकाउंट में ट्रांसफर हो गए।

शेयर बाजार में मुनाफे का झांसा

एसपी ऑफिस में एक शिकायतकर्ता ने शिकायत की है कि उसके साथ साइबर ठगी हुई है। साइबर ठगों ने शेयर बाजार में अधिक मुनाफा का झांसा देकर उनसे 11 लाख 50 हजार रुपए की ठगी की थी। पीड़ित ने अपनी राशि वापस दिलाने की मांग की है।

सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव

साइबर सेल के अधिकारियों का कहना है कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी अनजान एप को डाउनलोड न करें। जागरूकता ही साइबर ठगी से बचने का सबसे प्रभावी उपाय है। सतर्क रहकर ही ऑनलाइन ठगी से बचा जा सकता है।

Back to top button