जबलपुर में शराब दुकानों की जांच की मांग, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन

जबलपुर। शहर की मदिरा दुकानों में नियमों के कथित उल्लंघन को लेकर युवा कांग्रेस ने प्रशासन के समक्ष शिकायत दर्ज कराई है। संगठन ने कई दुकानों पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड प्रदर्शित नहीं किए जाने के साथ ही कुछ स्थानों पर कथित रूप से अवैध अहाते संचालित होने का आरोप लगाया है। मामले में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपकर जिलेभर की शराब दुकानों का भौतिक सत्यापन कराने की मांग की गई है।

युवा कांग्रेस अध्यक्ष सतेंद्र सोनू कुकरेले और पूर्व प्रदेश सचिव भानु यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि आबकारी विभाग द्वारा दुकानों पर शराब की निर्धारित कीमतों की जानकारी सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए गए हैं। संगठन का आरोप है कि इसके बावजूद कुछ दुकानों पर रेट लिस्ट और क्यूआर कोड नजर नहीं आ रहे हैं।

मनमाने दाम पर बिक्री का आरोप

युवा कांग्रेस ने दावा किया कि रेट लिस्ट नहीं होने से ग्राहकों से निर्धारित कीमत से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतें सामने आ रही हैं। संगठन ने आबकारी विभाग से दुकानों की जांच कर निर्धारित दरों पर बिक्री सुनिश्चित कराने की मांग की है।

स्कूल और धार्मिक स्थल के पास दुकानों की जांच

ज्ञापन में चंडालभाटा और बल्देवबाग क्षेत्र की शराब दुकानों का भी उल्लेख किया गया। युवा कांग्रेस ने चंडालभाटा की दुकान की धार्मिक स्थल से दूरी तथा बल्देवबाग चौराहे की दुकान के पास स्थित स्कूल के संबंध में मौके पर जांच कराने की मांग की है।

संगठन के अनुसार प्रशासन को यह सत्यापित करना चाहिए कि संबंधित दुकानों में निर्धारित दूरी समेत सभी नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। संगठन ने दीनदयाल चौक, दमोह नाका, चंडालभाटा और बल्देवबाग सहित शहर की अन्य मदिरा दुकानों की भी जांच कराने की मांग की है।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन

युवा कांग्रेस ने प्रशासन से सभी शराब दुकानों का भौतिक निरीक्षण कराने, रेट लिस्ट एवं क्यूआर कोड की स्थिति जांचने, धार्मिक स्थलों और स्कूलों से दूरी का सत्यापन करने तथा नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई करने की मांग की है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि शिकायतों पर समयसीमा में कार्रवाई नहीं हुई तो चरणबद्ध तरीके से शांतिपूर्ण आंदोलन किया जाएगा।

Back to top button