हल्की बारिश से भीगा जबलपुर, पिछले साल से 10 डिग्री कम रहा तापमान, तेज हवाओं का अलर्ट

एक दिन में पांच डिग्री गिरा पारा, सामान्‍य से भी पांच डिग्री कम

जबलपुर। बुधवार सुबह और दिनभर की हल्की बारिश ने शहर को भिगो दिया। वहीं इसका असर तापमान पर साफ देखा जा रहा है जहां पिछली साल आज के दिन से तापमान 10 डिग्री कम दर्ज किया गया वहीं एक दिन पहले मंगलवार की अपेक्षा 5 डिग्री अधिकतम तापमान कम रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान में ज्यादा गिरावट दर्ज नहीं की गई और सामान्य से 2 डिग्री कम ही रहा।

31.1 डिग्री रहा अधिकतम तापमान

मौसम विज्ञान कार्यालय जबलपुर के अनुसार 8 अप्रैल 2026 को शहर का अधिकतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 5 डिग्री कम रहा। पिछले वर्ष आज के दिन का अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री दर्ज किया गया था। वहीं न्यूनतम तापमान 20.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है। सुबह के समय आर्द्रता 79 प्रतिशत और शाम के समय 51 प्रतिशत दर्ज की गई।

सुबह से शाम तक हुई बारिश

मौसम विभाग के अनुसार सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक कुल 9.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं इस मौसम में अब तक कुल 24.6 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में शहर में 3.2 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है, जबकि इस सीजन में अब तक कुल 15.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

पिछले साल से करीब 10 डिग्री कम तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष इसी दिन शहर का तापमान 41.4 / 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तरह इस बार अधिकतम तापमान पिछले वर्ष की तुलना में करीब 10 डिग्री कम रहा।

गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान

मौसम विभाग के अनुसार जिले में गरज-चमक के साथ बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना बनी हुई है। इसके साथ ही 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

हल्की हवाओं से मौसम हुआ सुहावना

बारिश के बाद शहर में हल्की ठंडी हवाएं भी चलीं जिससे मौसम सुहावना हो गया। मौसम विभाग के अनुसार हवाओं की गति लगभग 6 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसम प्रणाली के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है और आने वाले दिनों में भी तापमान सामान्य से कम रहने की संभावना है।

Back to top button