
जबलपुर। आपके लिए यह बहुत जरूरी खबर है क्योंकि आपके घर पानी आएगा कि नहीं, इससे जरूरी जानकारी और क्या हो सकती है। तो सुनिए, 21 अगस्त को शाम को जलापूर्ति प्रभावित रहेगी। यह किन वार्डों में प्रभावित रहेगी, किन क्षेत्र के टैंकों में पानी की पूर्ति नहीं हो सकेगी और इसका क्या कारण इसको जानिए।
नगर निगम के कार्यपालन यंत्री जल कमलेश श्रीवास्तव का कहना है कि नर्मदा जल प्रदाय योजना के अंतर्गत 120 एमएलडी रमनगरा जलशोधन संयंत्र में स्थापित 500 के डब्लू पंप का (600 एमएम व्यास) वाल्व बदलने का कार्य किया जाना है। इसके साथ ही मनमोहन नगर एवं लेमा गार्डन टैंक में भी वाल्व बदलने का कार्य किया जाना है। जिसके कारण 21 अगस्त को शाम को जलापूर्ति प्रभावित रहेगी।
उन्होंने बताया कि संयंत्र से भरी जाने वाली टंकियां बिड़ला धर्मशाला, मेडिकल त्रिपुरी, गुलौआ, राइट टाउन, मनमोहन नगर, लक्ष्मीपुर, कोतवाली, मोतीनाला, आनंद नगर, लेमागार्डन, सर्वोदय नगर, मदर टेरेसा, बेदी नगर, मिल्क स्कीम, किलकारी गार्डन, उच्चस्तरीय टंकियों से सायंकालीन जलापूर्ति अवरूद्व रहेगी।