जबलपुर में विठ्ठल वारी यात्रा की चक्रीय आरती, सदगुरु कृपा मंदिर में गूंजा हरिनाम संकीर्तन

जबलपुर। श्रीहरि के नाम का स्मरण करते हुए भक्त संतत्व की ओर अग्रसर होते हैं और सदगुरु की कृपा से उनका जीवन आध्यात्मिक ऊर्जा से भर जाता है। संतों का सान्निध्य और हरिनाम संकीर्तन मनुष्य के दुःख-दर्द दूर कर उसे ईश्वर के समीप ले जाता है। यही संदेश श्री सदगुरु कृपा मंदिर, रामेश्वरम कॉलोनी (विवेकानंद वार्ड) में आयोजित विठ्ठल वारी यात्रा की चक्रीय आरती के दौरान दिया गया।

हरिनाम संकीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

आलंदी (महाराष्ट्र) से पधारी संत ज्ञानेश्वर महाराज की चरण पादुकाओं को श्रद्धालुओं ने सिर पर धारण कर भक्ति-भाव से हरिनाम संकीर्तन किया। “जय जय राम कृष्ण हरि”, “राधे श्याम”, “हरे कृष्ण हरे राम”, “विठ्ठल विठ्ठल विठ्ठला”, “पांडुरंग विठ्ठला” और “श्रीहरि विठ्ठल रखुमाई” जैसे भजनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। वारकरी परंपरा से जुड़े श्रद्धालुओं ने भक्ति और समरसता का अनुपम संदेश दिया।

25 जुलाई को निकलेगी भव्य विठ्ठल वारी यात्रा

आषाढ़ी कार्तिकी वारी महामंडल द्वारा प्रतिवर्ष देवशयनी एकादशी के अवसर पर महाराष्ट्र के पंढरपुर की तर्ज पर विठ्ठल वारी एवं सामाजिक समरसता यात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष यह यात्रा 25 जुलाई को शाम 4 बजे दत्त मंदिर, गोलबाजार से प्रारंभ होकर विठ्ठल रखुमाई मंदिर, राजा रसगुल्ला गली तक पहुंचेगी। इसके पूर्व शहर में 18 दिवसीय चक्रीय आरती का आयोजन किया जा रहा है।

रामेश्वरम कॉलोनी से सदगुरु कृपा मंदिर तक निकली संकीर्तन यात्रा

बुधवार को हरिनाम संकीर्तन यात्रा रामेश्वरम कॉलोनी, मुस्कान सिटी और एमआर-4 रोड से होते हुए एकता नगर स्थित श्री सदगुरु कृपा मंदिर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने विठ्ठल-रखुमाई का नामस्मरण, पंच आरती, सदगुरु चरित्र पाठ एवं सामूहिक नर्मदा अष्टक का पाठ किया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, अनुशासन और आध्यात्मिक उत्साह का वातावरण बना रहा।

बड़ी संख्या में श्रद्धालु हुए शामिल

कार्यक्रम में पूर्व महापौर स्वाति सदानंद गोडबोले, संतोष गोडबोले, पार्षद सोनिया रंजीत सिंह, मदन ठाकरे, संजय आपटे, श्रीकांत भुसारी, प्रभाकर पापरीकर, छाया दवंडे, मंजुषा देशमुख, हेमंत सावरकर, मुकंद पांडे, माधव बडारकर, रंजीत सिंह ठाकुर, सदानंद गोडबोले, माधुरी सुनील नाजवाले, भास्कर वर्तक, हेमंत पोहरकर, विध्येश भापकर सहित बड़ी संख्या में वारकरी भक्त एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

16 जुलाई को चेरीताल वार्ड में होगी अगली चक्रीय आरती

आयोजन समिति के अनुसार विठ्ठल वारी यात्रा की अगली चक्रीय आरती 16 जुलाई को शाम 6 बजे चेरीताल वार्ड में आयोजित होगी। हरिनाम संकीर्तन यात्रा शिव शक्ति राम मंदिर, सरस्वती कॉलोनी से प्रारंभ होकर पार्षद प्रतिभा भापकर के निवास, सरस्वती उद्यान होते हुए सरस्वती दुर्गा मंदिर पहुंचेगी, जहां सामूहिक आरती और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

रिपोर्ट: विध्येश भापकर

Back to top button