जबलपुर में जलसंकट: शहर की इन चार टंकियों से अगले चार दिन बाद ही मिलेगा पानी

जबलपुर। नवरात्र में उपवास के समय लोग पानी का इंतजाम कर रहे हैं। रमनगरा जलशोधन संयंत्र की राइजिंग पाइप लाइन के फूटने से आधे शहर को पानी नहीं मिल पा रहा है। लोग पानी के लिए भटक रहे हैं। फाइबर की राइजिंग पाइप लाइन के पानी का दबाव नहीं झेल पाने से पाइप लाइन फूट गई है। इसके पहले भी कई बार इस तरह की स्थिति बन चुकी है। हालांकि समानान्‍तर पाइप लाइन से सप्‍लाई की जा रही है लेकिन बहुत कम समय पानी मिलने से लोगों की परेशानी हल नहीं हुई।

यहां नहीं मिलेगा पानी

कोतवाली, मोतीनाला, देवताल, बेदीनगर क्षेत्र में समानान्‍तर पाइप लाइन से पानी की सप्‍लाई नहीं हो रही है। मेन राइजिंग पाइप लाइन के सुधरने करीब चार दिन लग सकते हैं। जिससे इन क्षेत्रों के निवासियों को पानी की समस्‍या बनी रहेगी।

टैंकरों से आपूर्ति

नगर निगम ने डिमांड आने पर क्षेत्रों में टैंकरों से जलापूर्ति कर रहा है लेकिन कई जगह टैंकर नहीं पहुंचे हैं।

20 टंकियां भरी जाती हैं

रमनगरा जल शोधन संयंत्र से 20 टंकियां भरी जाती हैं। पाइप लाइन के फूटने से टंकियां नहीं भरी गईं। इससे जलापूर्ति प्रभावित हुई। पाइप लाइन के फूटने से अभी समानान्‍तर पाइप लाइन से 16 टंकी भरी जा रही हैं। जिससे इससे जुड़े क्षेत्रों में पानी पहुंच रहा है लेकिन कम अवधि की सप्‍लाई होने से पानी की समस्‍या बनी हुई है।